कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आवश्यक दवाइयों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कैथल के किसान भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि बीमारी और इलाज जैसी मजबूरी को भी भाजपा सरकार ने कमाई का जरिया बना लिया है। उन्होंने कहा कि मरीजों और बीमारों से की जा रही महंगाई की लूट इतनी निर्दयी और अमानवीय है कि भगवान भी भाजपा को माफ नहीं करेगा।

सुरजेवाला ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल सिद्धांत इंसान द्वारा इंसान की मदद करना है, लेकिन भाजपा ने मरीजों की परेशानी को भी मुनाफे के धंधे में बदल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी कीमतों से आम लोगों के बजट पर चोट पहुंचाई गई और अब आवश्यक दवाइयों के दाम बढ़ाकर गरीब तथा मध्यम वर्ग की कमर तोड़ने का काम किया जा रहा है।

कैंसर, टिटनेस और घाव की दवाइयों के दाम बढ़ाने का आरोप

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 11 जून 2026 को सरकार ने कैंसर मरीजों, टिटनेस और घावों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई दवाइयों की कीमतों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला अमानवीय है और इससे मरीजों व अस्पतालों का बजट प्रभावित होगा। साथ ही कई लोगों के लिए इलाज कराना मुश्किल हो सकता है।

2021 से 2026 के बीच 900 जरूरी दवाइयों के दाम बढ़े

सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार की क्रूरता का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि वर्ष 2021 से 2026 के बीच करीब 900 आवश्यक दवाइयों की कीमतों में 26 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बढ़ी हुई कीमतों से जुड़े आंकड़े भी प्रस्तुत किए।

सुरजेवाला की दाम वापस लेने की मांग

सुरजेवाला ने केंद्र सरकार से दवाइयों की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि मरीजों को राहत मिल सके और इलाज आम लोगों की पहुंच में बना रहे।