• हर मुद्दे पर पीएम की आलोचना करते है

फरीदाबाद जिले के आईएमटी क्षेत्र में आयोजित आज एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नीट परीक्षा को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा देने वाले छात्र तनाव में नहीं हैं, बल्कि राहुल गांधी ज्यादा तनाव में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने के बाद कांग्रेस नेता बौखलाए हुए हैं और देश में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि राहुल गांधी को लोकतंत्र और न्यायपालिका पर भरोसा नहीं है और वह हर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते रहते हैं।

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे हो चुके

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं। इन 12 वर्षों में देश ने विकास के कई बड़े काम किए हैं। सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को फरीदाबाद के आईएमटी क्षेत्र में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई।

सफाई अभियान में शामिल, पौधे लगाए

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने उद्योगपतियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के साथ मिलकर पौधे लगाए तथा सफाई अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में उद्योगपतियों, डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। कार्यक्रम के दौरान आईएमटी क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए एक क्लीनिक का भी शुभारंभ किया गया।

न्यायालय के फैसले पर चलाया SIR

हरियाणा में चल रहे एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी कृष्ण पाल गुर्जर ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार चलाया जा रहा है। बीएलओ के भाजपा नेताओं के कार्यालयों में बैठकर काम करने के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हैं, जबकि कांग्रेस के पास कार्यकर्ताओं की कमी है।

भाजपा के दरवाजे सभी के लिए खुले

वहीं अन्य दलों के सांसदों और नेताओं के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। जो भी व्यक्ति भाजपा की नीतियों और विचारधारा में विश्वास रखता है, उसका पार्टी में स्वागत है।