• अपात्रों के नाम हटाने पर जोर

जींद जिले के उचाना से विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने 15 जून से शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने पर जोर दिया गया।

विधायक अत्री ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची को अत्यंत आवश्यक बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। साथ ही, उन नागरिकों की जानकारी जुटाएं जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।

जो पात्र नहीं, उसका वोट बनना नहीं चाहिए

विधायक ने 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि केवल पात्र व्यक्तियों के नाम ही मतदाता सूची में शामिल हों। अत्री ने स्पष्ट किया कि जो पात्र है, उसका वोट रहना नहीं चाहिए और जो पात्र नहीं है, उसका वोट बनना नहीं चाहिए।

नाम हटाने संबंधित कार्यों की समीक्षा

बैठक में एसआईआर अभियान के तहत चल रही प्रक्रियाओं, जैसे फॉर्म भरने, संशोधन करने, नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों और समय-सीमा की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।