• प्रदेश नेतृत्व तक पहुंची शिकायत, अभद्रता का आरोप

रोहतक भाजपा कार्यालय में जिला महामंत्री व सचिव के बीच तु-तड़ाक देखने को मिली। दोनों के बीच हुई बहस का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद भाजपा की अंदरूनी कलह भी सामने आई है। इसके बाद जिला महामंत्री की तरफ से एक पत्र सीएम नायब सैनी व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को भेजा गया है।

भाजपा जिला महामंत्री अभिनंदन भारद्वाज ने अपनी शिकायत में जिला सचिव अंकुश बिड्डू पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, वरिष्ठ पदाधिकारियों का अपमान, कार्यकर्ताओं को धमकाने, संगठनात्मक अनुशासन तोड़ने और प्रभाव का दुरुपयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पत्र भेजने के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष दोनों पदाधिकारियों के बीच सुलह करवाने में लगे हुए है।

27 जून का बताया जा रहा वीडियो

भाजपा जिला कार्यालय के अंदर जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका के ऑफिस में विवाद का वीडियो 27 जून का बताया जा रहा है। इस दिन जिला कार्यालय में आगामी कार्यक्रमों को लेकर मीटिंग चल रही थी। इसी दौरान जिला सचिव अंकुश बिड्डू व जिला महामंत्री अभिनंदन के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और दोनों एक दूसरे से ऊंची आवाज में बाते करने लगे।

दोनों के विवाद में अन्य पदाधिकारियों ने किया बीच बचाव

भाजपा जिला सचिव व जिला महामंत्री के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यालय में मौजूद अन्य पदाधिकारियों को बीच बचाव करना पड़ा। जिला महामंत्री अभिनंदन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधित पदाधिकारी लाइसेंसी हथियार लेकर चलते हैं और उसका भय दिखाकर कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं।

गुटबाजी का माहौल बनाने का लगाया आरोप

जिला महामंत्री अभिनंदन ने अपनी शिकायत में प्रशिक्षण शिविर के दौरान कथित अनुशासनहीनता, शराब सेवन, पार्टी कार्यालय में दबंगई, सरकारी अधिकारियों पर प्रभाव का इस्तेमाल करने व संगठन में भय और गुटबाजी का माहौल बनाने के आरोप लगाए। इसके बाद भाजपा आलाकमान मामले को देख रहे है।

अभिनंदन के खिलाफ करूंगा मानहानि का केस

भाजपा जिला सचिव अंकुश बिड्डू ने कहा कि अभिनंदन की तरफ से लगाए गए सभी आरोप झूठे है। हाईकमान से इस बारे में बात की जाएगी। साथ ही अभिनंदन के खिलाफ मानहानि का केस भी दर्ज करवाया जाएगा। उनकी तरफ से कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया गया।

दोनों की बीच करवा दी सुलह

भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने बताया कि जिला सचिव अंकुश बिड्डू व जिला महामंत्री अभिनंदन के बीच छोटी-मोटी बात हो गई थी, कोई बड़ा मामला नहीं है। दोनों के बीच सुलह करवा दी है। भाजपा के अंदर को गुटबाजी या अंतर कलह नहीं है।