- SIR में हर मतदाता का फॉर्म भरना जरूरी
रोहतक के स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि सभी मतदाताओं को अपना वोट बनवाना चाहिए। मतदाताओं को प्रयास करना चाहिए कि उनका वोट काटा ना जाए। इस बार चुनाव आयोग ने एसआईआर में कुछ शर्ते लगा रखी है, लेकिन मतदाता को उन सभी शर्तों को पूरा करते हुए फार्म भरना होगा।
विधायक बीबी बतरा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए चुनाव आयोग का यह कर्तव्य था कि कोई भी मतदाता वोट बनवाने से वंचित ना रहे। मतगणना फार्म हर व्यक्ति को भरना पड़ेगा। चुनाव आयोग को एसआईआर को लेकर जितनी जागरूकता फैलानी चाीहिए थी, उतनी नहीं फैलाई, जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
वोट बनवाना हर राजनीतिक पार्टी का कर्तव्य
विधायक बीबी बतरा ने कहा कि पिछली एसआईआर 2002 में हुई थी। उसके बाद जिन लोगों का नाम 2024 की वोटर लिस्ट में था, उन्हें भी फार्म भरना है। हर राजनीतिक पार्टी का फर्ज बनता है कि वोट बनवाने के लिए फार्म जरूर भरवाए। जिसका 2002 में वोट बना हुआ था, उसे फार्म का पहला व तीसरा कॉलम भरना है।
विधायक ने बताया कि जिसका 2002 के बाद वोट बना, उसे दूसरा व तीसरा कॉलम भरना है। 2024 की मतदाता लिस्ट में नाम होने पर 2002 की लिस्ट में परिवार के किसी अन्य सदस्य का नाम है तो उसे भरना होगा। इसके बारे में सभी बीएलओ को ट्रेनिंग दी गई है।
बीएलओ फार्म देने के साथ भरने में करें मदद
विधायक बीबी बतरा ने कहा कि बीएलओ को फार्म देने के साथ भरने के लिए भी मदद करनी है। प्रजातंत्र में वोट में बहुत ताकत होती है। बीएलओ फार्म देकर चले जाते है, लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। सभी कार्यकर्ताओं को भी हिदायत दी गई है कि मतदाताओं के फार्म भरवाएं।
