• BJP प्रदेशाध्यक्ष ने पंजाब सीएम-चौटाला परिवार पर साधा निशाना

बीजेपी की नई प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता आज मंगलवार को सिरसा जिला के दौरे पर रही। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे वह पहले कालांवाली पहुंची और यहां बीजेपी नेता व वर्करों से मिलीं। मंच पर उनके साथ डबवाली जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी और अन्य नेता दिखे। इसके बाद डबवाली और दोपहर बाद सिरसा पहुंचीं।

यहां रातुसरिया आवास पर रातुसरिया परिवार के साथ भोजन किया। इस दौरान पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा नेता जगदीश चोपड़ा, गोबिंद कांडा मौजूद रहे। इसके बाद बेगू रोड स्थित निजी रिजॉर्ट में मेन कार्यक्रम में शिरकत की। मंच पर लेबर बोर्ड चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, हरियाणा ओलंपिक अध्यक्ष मीनू बैनिवाल, नगर परिषद उम्मीदवार शीशपाल कंबोज, नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप रहे।

प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने मंच से संबोधन में सिखों को साधते हुए बोलीं, “जो बोले, सो निहाल। वाहे गुरु जी दा खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह।” उन्होंने कहा, मैं सिरसा की पांच सीटें जीतने की बात कर रही हूं। जब देशभर में चुनाव में मोदी का जलवा चलता है तो ये जिला सुखा रह जाता है। हमने कभी सोचा विकास हो रहा है और हमारा कार्यकर्ता मजबूत है। कालांवाली अनाज मंडी में भव्य रैली थी। यहां सिरसा में भी कार्यक्रम किया। हम सब को बैठकर चिंता करनी पड़ेगी कि हम क्यूं हार रहे हैं।

चौटाला परिवार का नाम न लेते हुए साधा निशाना

अर्चना गुप्ता चौटाला परिवार का नाम न लेकर निशाना साधते हुए बोलीं कि सबनूं पता है, ये गलत है। कार्यकर्ता को यही लगता है कि मैं कितनी भी मेहनत करूं, जीतेगा वही परिवार। इस भ्रम को हमारा संगठन तोड़ेगा। मानसिकता की कमजोरी तोड़नी पड़ेगी। मैं मुखर हूं और डरने की जरूरत नहीं है।

जब तक डर नहीं निकालोगे, तो मंच से नारे लगाने में जोर लगाए रखना। एक-एक बूथ पर डटकर लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उसका टाइम आज है। एसआईआर के माध्यम से वोटर लिस्ट दुरुस्त कर लिया और बूथ मजबूत कर लिया। 20 साल तक भाजपा की सरकार को कोई नहीं हिला सकता। एसआईआर से वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण करना है।

 

हारने का कारण डेड वोटर्स, सभी पंचायत चुनाव लड़ें

अर्चना गुप्ता बोली कि यहां से हम क्यों हारते आए हैं। डेड वोटर्स हैं। चाहे प्रदेश या मंडल का कार्यकर्ता है। जो स्थायी निवासी है, वो ही बूथ का वोटर होगा। विपक्ष उन्हीं डेड वोट पर निशान लगवाते हैं। जो लोग शहर में चले गए हैं, उनके वोट भी कटवाने का काम करना। ये सही कर लिया तो अगले चुनाव में कोई हरा नहीं सकता। अगले साल पंचायत के चुनाव होंगे। सिंबल हो या न हो, भाजपा का वर्कर चुनाव अवश्य लड़ें।

पंजाब सीएम नशे में झूम रहा

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता बोली कि सिरसा पंजाब से लगता जिला है। पंजाब का सीएम नशे में झूम रहा है, तो वहां की जनता भी झूम रही है। वहीं से नशा यहां आ रहा है। नशे से लड़ने के लिए हरियाणा में एसटीएफ का गठन किया और डबवाली पुलिस जिला अलग बनाया। अब सारी सरदारी को एक होना पड़ेगा।

तूसी नहीं कर सकदे तो कोई नी कर सकदा। नशे पर सबको एक होना पड़ेगा। अगर ये सोचोगे कि मैंनू की, ओदा मुंडा, वो वेखेगा। पड़ोसियों की चिंता करो। हवा तेज चलदी पई है, अपने घर की चिंता करनी पड़ेगी। लगदा तो नहीं करोगे पर तुहानु चिंता करनी पड़ेगी।

अर्चना गुप्ता ने चार मूलमंत्र दिए

अर्चना गुप्ता ने बीजेपी नेता व वर्करों को चार मूलमंत्र दिए। जिनमें पहला अपना बूथ जीतना, दूसरा-अपने एरिया का नेता बन गरीब को योजना का लाभ दिलवाना, तीसरा- नशे के विरोध आवाज उठाउंगा, चौथा- हम होंगे कामयाब। उदाहरण के तौर पर बताया बंगाल में बीजेपी की सरकार बनी, वहां की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आंतक था। हम कहीं न कहीं दिमाग में भयभीत है। हमें उठकर चलने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने सिरसा को खुद अपना लिया

पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल मंच से संबोधन में बोली कि सिरसा इलाके का अर्चना गुप्ता एक बार आप हाथ पकड़ लो, पानीपत से बुला लेंगे और कहेंगे कि यहीं आकर बसो। मुख्यमंत्री ने भी सिरसा को अपना लिया है। ग्रीवांस मीटिंग में इस बार खुद आए थे और सख्ती से अधिकारियों को हिदायत देकर गए थे। उम्मीद है कि आने वाले समय में पांचों विधानसभा में जीतेंगे।