- BJP ऑफिस में दो नेताओं के भिड़ने का मामला, वायरल वीडियो पर मांगा जवाब
रोहतक भाजपा कार्यालय में जिला महामंत्री व सचिव के बीच हुई तू-तड़ाक का वीडियो वायरल होने के बाद जिला कार्यालय सचिव ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जिला महामंत्री व सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जबकि यह अधिकारी प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री व प्रदेश प्रभारी के पास है। नोटिस जारी होने के बाद नया विवाद शुरू हो गया है।
भाजपा कार्यालय में 27 जून को जिला महामंत्री अभिनंदन भारद्वाज व जिला सचिव अंकुश बिड्डू के बीच बैठक को लेकर आपस में तू-तड़ाक हो गई, जिसका जिला सहसचिव शिव कुमार ने वीडियो रिकॉर्ड करके सोशल मीडिया पर डाल दिया। जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका के ऑफिस का यह वीडियो वायरल होने के बाद मामला आलाकमान के पास भी पहुंच गया।
अभिनंदन की तरफ से सीएम को भेजी गई चिट्ठी
जिला महामंत्री अभिनंदन ने एक शिकायत प्रदेशाध्यक्ष व सीएम को भेजी, जिसमें अंकुश बिड्डू पर प्रशिक्षण शिविर के दौरान कथित अनुशासनहीनता, शराब सेवन, पार्टी कार्यालय में दबंगई, सरकारी अधिकारियों पर प्रभाव का इस्तेमाल करने व संगठन में भय और गुटबाजी का माहौल बनाने के आरोप लगाए। इसके बाद भाजपा आलाकमान मामले को देख रहे है।
जिला कार्यालय सचिव का कारनामा
भाजपा कार्यालय में भिड़े नेताओं पर कार्रवाई करने का अधिकारी प्रदेशाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी या संगठन के प्रदेश महामंत्री के पास है। इससे पहले की उनकी तरफ से कोई कार्रवाई होती, जिला कार्यालय सचिव का तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी हो गया, जो भाजपा नेताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिला कार्यालय सचिव वीर सिंह हुड्डा ने अंकुश बिड्डू, शिव कुमार व अभिनंदन भारद्वाज को नोटिस जारी करते हुए विवाद के बारे, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने व वीडियो रिकॉर्ड करने के बारे में पूछा है, जबकि उनके पास ऐसा कोई अधिकार नहीं है। वह तीनों को नोटिस जारी कर ही नहीं सकते।
भाजपा नेताओं के बीच नया विवाद शुरू
भाजपा जिला कार्यालय सचिव द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के बाद भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच नया विवाद शुरू हो गया है। जिला महामंत्री व सचिव का पद महत्वपूर्ण होता है, जिसे नोटिस जारी करने का अधिकारी जिलाध्यक्ष के पास भी नहीं है। ऐसे में कार्यालय सचिव वीर सिंह हुड्डा ने नोटिस जारी करके नई चर्चा को हवा दे दी है।
