- पार्टी ने स्पष्टीकरण मांगा, प्रदेशाध्यक्ष गुप्ता के दौरे पर बरती अनुशासनहीनता
सिरसा जिले में भाजपा की नई प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के हालिया दौरे के बाद संगठन में हलचल तेज हो गई है। डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने अनुशासनहीनता के आरोप में दो भाजपा नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है।
हालांकि उन्होंने नेताओं के नाम सार्वजनिक नहीं किए, लेकिन पार्टी सूत्रों के अनुसार नोटिस कालांवाली से नगर परिषद चेयरमैन पद के पूर्व भाजपा उम्मीदवार टीशू प्रधान और भाजपा नेता ज्योति सरा को जारी किए गए हैं। दोनों नेताओं से निर्धारित समय में अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
जिलाध्यक्ष बोलीं- भाजपा अनुशासन की पार्टी
शुक्रवार को कालांवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने कहा कि भाजपा अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली पार्टी है। उन्होंने बताया कि कुछ नेताओं द्वारा की गई गतिविधियों और सार्वजनिक टिप्पणियों को संगठन ने गंभीरता से लिया है। इसी के तहत पार्टी के अनुशासन संबंधी प्रावधानों के अनुसार दो नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित नेताओं से जवाब मांगा गया है और स्पष्टीकरण मिलने के बाद संगठन आगे की कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है और अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री को डबवाली बुलाने की तैयारी
रेणू शर्मा ने बताया कि डबवाली और कालांवाली में भाजपा सरकार के दौरान अनेक विकास कार्य हुए हैं। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसी को देखते हुए जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को क्षेत्र में आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख मांगें भी रखी जाएंगी। हालांकि अभी तक उनके दौरे की तिथि तय नहीं हुई है।
टीशू प्रधान बोले- मेरे पास नहीं पहुंचा कोई नोटिस
इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा नेता टीशू प्रधान ने कहा कि उन्हें अभी तक कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नोटिस मिलने के बाद ही वे उस पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे।
टीशू प्रधान का कहना है कि उन्होंने जिलाध्यक्ष की प्रेस वार्ता सुनी है, जिसमें दो नेताओं को नोटिस जारी करने की बात कही गई थी, लेकिन उन्होंने न तो कोई अनुशासनहीनता की है और न ही पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल रहे हैं।
प्रदेशाध्यक्ष के दौरे के बाद बढ़ी सख्ती
जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के डबवाली दौरे के दौरान संगठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। इसी दौरान कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों का भी संज्ञान लिया गया, जिसके बाद संबंधित नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोडी, मार्केट कमेटी चेयरमैन सतपाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष लवली गर्ग, डॉ. भीम सैन शर्मा, मेजर सिंह सिद्धू, चरणदास चन्नी, नगर पार्षद पूर्ण नागर, घनश्याम दास शर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
