- प्रदीप ने कहा- राम मंदिर चोरी प्रकरण की सीटिंग जज करें जांच
भिवानी कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी एवं शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने शनिवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में पत्रकार वार्ता की। इस दौरान शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि राम मंदिर चोरी प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से जांच करवानी चाहिए। राम मंदिर के साथ करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। लेकिन लोगों द्वारा दिया गया करोड़ों रुपए का चंदा चोरी कर लिया गया और इस मामले में सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त जांच होनी चाहिए।
वहीं ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि छोटे से चोरी के केस में कोई गिरफ्तारी होती है तो आरोपी को रिमांड पर लिया जाता है। लेकिन राम मंदिर चंदा चोरी मामले में आरोपियों को रिमांड पर भी नहीं लिया गया। इस मामले की सीटिंग जज से न्यायिक जांच होनी चाहिए और मामला जनता के सामने स्पष्ट रूप से आना चाहिए।
अनिरुद्ध बोले- गिरफ्तार कानूनगो ने नेताओं संग लगाए थे पोस्टर, होनी चाहिए जांच
पत्रकार वार्ता में ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि तोशाम में जो कानूनगो 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। जिसके फोटो राजनीतिक पार्टी के नेताओं के साथ लगे हुए थे। ऐसे में उनकी जांच होनी चाहिए। साथ ही आरोपी के बेटे के नाम पर ही एक पैमाईश कंपनी है, जिसके माध्यम से सभी पैमाईश करवाई जाती थी। उसकी भी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा आरोपी कानूनगो के फोन रिकार्ड की जांच हो। अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि इस तरह का काम बिना संरक्षण के नहीं हो सकता, यह भी जांचना चाहिए कि इसके पीछे किसका हाथ है।
अब एक शिकायतकर्ता ने यह मुद्दा उठाया तो एसीबी ने आरोपी को पकड़ा। बताया जा रहा है कि जब गिरफ्तारी के दौरान वीडियो बना रहे थे तो उसको भी तोड़ने का प्रयास किया। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने बिना नाम लिए अपनी चाची व बहन को भी निशाने पर लिया और कहा कि जिसकी आस्था व लगाव किसी नेता के साथ होता है तो वह अपने नेता के पोस्टर व विज्ञापन पर अपना फोटो लगाता है। ऐसा ही मामला आरोपी कानूनगो ने भी पोस्टर पर फोटो लगवाए हुए थे। आरोपी कानूनगो द्वारा एक दुकान का उद्घाटन भी किया गया, वह उद्घाटन मंत्री द्वारा किया गया था।
मनोहर लाल खट्टर के बयान पर किया पलटवार
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा पूर्व सीएम बंसीलाल को लेकर दिए बयान पर भी अनिरुद्ध चौधरी ने पलटवार किया। अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि इस बयान को लेकर मनोहर लाल खट्टर माफी मांगे। क्योंकि भाजपा नेताओं द्वारा पहले पूर्व सीएम भजनलाल व चौधरी देवीलाल को लेकर भी टिप्पणी की गई थी। इस तरह की बयानबाजी गलत है। उन्होंने कहा कि जो लोग चौधरी बंसीलाल के नाम पर अपनी राजनीति करते हैं, उनको मनोहर लाल खट्टर पर दबाव बना चाहिए और माफी मंगवानी चाहिए। क्योंकि चौधरी बंसीलाल से जुड़े लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। वहीं लोगों ने विरोध स्वरूप मनोहर लाल खट्टर का पुतला भी फूंका। अगर समय रहते उन्होंने माफी नहीं मागी तो आने वाले चुनाव में लोग उनको अपना रोष व आईना दिखाने का काम करेंगे।
वहीं शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। ऐसे में उनको जल्द से जल्द माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश में जो पूर्व सीएम रहे, उनमें से सबसे ज्यादा हरियाणा के विकास में चौधरी बंसीलाल का सबसे अधिक योगदान रहा है। सभी मुख्यमंत्रियों ने हरियाणा को आगे बढ़ाने का काम किया। लेकिन इस तरह की टिप्पणी गलत है।
इथेनॉल व खादी किल्लत पर सरकार को घेरा
शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल में इथेनॉल मिलाया जा रहा है। जिससे गाड़ियों की एवरेज खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी पहले 14 किलोमीटर प्रति लीटर की औसत देती थी, जो अब 7 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है। साधारण परिवार द्वारा जीवन में एक बार ही गाड़ी खरीदी जाती है। ऐसे में उनकी गाड़ी खराब हो जाती है तो उनके साथ धोखाधड़ी है और सपनों से खिलवाड़ है।
वहीं ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि अभी से खाद की किल्लत होने लगी है। लोगों को लाइनों में लगना पड़ रहा है और खाद मिल भी नहीं रही। ऐसे में सरकार को समय रहते उचित प्रबंध करने चाहिए थे। अगर पहली बार किल्लत होती तो यह मान सकते थे कि इनका अनुभव नहीं है। लेकिन बार-बार यही हालात बन रहे हैं, तो ना मंत्री ध्यान दे रहे हैं और ना ही मुख्यमंत्री।
