• ग्रामीणों को पीएम रैली का देंगे निमंत्रण, बोले- जींद से सोनीपत दौड़ेगी हाइड्रोजन ट्रेन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से एशिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने बताया कि यह दिन न केवल जींद, बल्कि पूरे देश के इतिहास में दर्ज होगा।कार्यक्रम के लिए 11 जुलाई से उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

विधायक अत्री ने बताया कि यह हरियाणा, विशेषकर जींद के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ जींद से होगा। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच संचालित होगी और स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दो दिन पहले रैली स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था। यह रैली पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी लगातार पेट्रोल-डीजल की बचत और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग पर जोर देते रहे हैं, और हाइड्रोजन ट्रेन इसी दिशा में एक कदम है।

इस पहल के साथ, भारत भी उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जहाँ हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री की रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 11 जुलाई से उचाना विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी शुरुआत जीवनपुर गांव से होगी। पहले चरण में 11 गांवों का दौरा कर लोगों को रैली का निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और उन्हें सुनने के लिए लाखों लोग जींद पहुंचेंगे। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण देंगे।