- बोलीं- BJP ने राम नाम का किया व्यापार, चढ़ावे के 112 करोड़ उड़ाए
रोहतक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधान मंडल दल की नेत्री आराधना मिश्रा ने राम मंदिर घोटाले पर भाजपा सरकार को घेरा। आराधना मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जिस भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई, अब उसी भगवान राम के नाम का व्यापार कर रही है। राम मंदिर में चंदा घोटाला इसका जीता जागता सबूत है।
कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस मंदिर के उद्घाटन अवसर पर 8 हजार लोगों की आवभगत के लिए जनता द्वारा दिए गए चढ़ावे के 112 करोड़ रुपए उड़ा दिए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के नाम पर ट्रस्ट के 10 करोड़ रुपए लगाए, आज उसी राम मंदिर के चंदा घोटाले पर चुप्पी साधे बैठे है। एक शब्द भी घोटाले को लेकर नहीं बोला जा रहा।
PM को विदेश घूमने, अवॉर्ड बटोरने से फुरसत नहीं
आराधना मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को विदेश में घूमने व अवॉर्ड बटोरने से ही फुरसत नहीं है, लेकिन जिस देश की जनता ने उन्हें इतना बड़ा अवार्ड दे रखा है, उसके प्रति भी प्रधानमंत्री की जवाबदेही है। अपने देश को छोड़कर विदेशों में घूमने से कुछ नहीं होगा।
राम मंदिर मामले में चुप्पी तोड़े प्रधानमंत्री
आराधना मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से राम की पुजारी रही है। राम मंदिर के लिए भूमि पूजन बूटा सिंह ने किया, उस समय कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस तो राम की पुजारी है, लेकिन भाजपा राम नाम की व्यापारी है। इस मामले में प्रधानमंत्री को तत्काल चुप्पी तोड़नी चाहिए और अपना अधिकारिक बयान जारी करते हुए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज से होनी चाहिए जांच
आराधना मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर घोटाले की सुप्रीम कोर्ट के सीटिंग जज की निगरानी में जांच होनी चाहिए। मामले में जो सीधे तौर पर जिम्मेदार ट्रस्ट के सदस्य चंपत राय, गोपाल राव व अनिल मिश्रा पर कार्रवाई होनी चाहिए। आज कांग्रेस पार्टी पूरे देश में 50 जगह एक साथ राम मंदिर घोटाले को लेकर पत्रकारों से बात करते हुए मांग उठा रही है।
राम मंदिर घोटाले की डबल इंजन सरकार जिम्मेदार
आराधना मिश्रा ने कहा कि भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि घटना पर क्षमा मांगने की बजाय विपक्ष पर आरोप लगा रहे है। उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार है और पूरी जिम्मेदारी केंद्र व प्रदेश सरकार की है। लेकिन भाजपा आरोपियों को बचाने व सबूतों को मिटाने के लिए समय लगा रही है।
भाजपा के नहीं, सुप्रीमकोर्ट के आदेश से बना मंदिर
आराधना मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण भाजपा ने नहीं बल्कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने पीएमओ को ट्रस्ट बनाने की जिम्मेदारी थी, लेकिन भाजपा ने ट्रस्ट में विश्व हिंदू परिषद व आरएसएस के लोगों को बैठा दिया। यहां तक कि एसबीआई के जिन लोगों की जिम्मेदारी पैसे गिनने की थी, उनके नाम भी आरएसएस ने दिए थे।
मंदिर निर्माण के समय से चल रहा घोटाला
आराधना मिश्रा ने कहा कि जब से राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, तभी से ट्रस्ट पर आरोप लगते रहे कि सस्ती जमीन खरीदकर महंगे दामों पर बेची जा रही है। ट्रस्ट में बैठे लोगों ने घोटाले को अंजाम दिया। तब क्यों नहीं सरकार ने इस तरफ ध्यान दिया। क्यों मंदिर में चोरी के दौरान सीसीटीवी खराब पड़े थे। ट्रस्ट का कोई लेखाजोखा नहीं है। क्योंकि भाजपा घोटाले में लगी हुई है।
