• रोहतक में खेलमंत्री बोले, कांग्रेस तो राम को बता रही काल्पनिक, रामभक्तों पर चलवाई गोलियां

रोहतक में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने राम मंदिर में चंदा चोरी मामले में कहा कि जिसने भी यह महापाप किया है, उसे सजा जरूर मिलेगी। कानून अपने तरीके से सजा देगा, लेकिन भगवान भी सजा देंगे। उन्हें इस दूनिया में इतनी खराब सजा मिले, जिसने यह पाप किया। गौरव गौतम शनिवार को एमडीयू में आयोजित अंडर-23 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में पहुंचे थे।

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी तो भगवान राम को ही काल्पनिक बताती थी। राम मंदिर बनने के खिलाफ खड़ी थी। कांग्रेस को तो मौलिक अधिकार ही नहीं है कि वह कुछ बोले। कांग्रेस तो राम मंदिर के खिलाफ अपने वकील खड़ा कर देती थी। राम मंदिर बनने में जो देरी हुई, उसका कारण ही कांग्रेस पार्टी रही है।

राम भक्तों पर चलवाई थी गोलियां

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कांग्रेस व समाजवादी पार्टी के लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थी। उन लोगों के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी है, उन्हें तो कुछ बोलने का हक ही नहीं है। राम मंदिर पवित्र जगह है, भगवान राम की जन्मभूमि है, जिसने अपराध किया, उसे सजा मिलेगी। अपराध करने वालों को शर्म भी आनी चाहिए।

कॉमनवेल्थ खेलों के लिए अच्छी तैयारी

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि कॉमनवेल्थ खेलों के लिए हरियाणा के खिलाड़ियों व सरकार की अच्छी तैयारी है। हरियाणा के खेल स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए अच्छी सुविधा देने का काम जल्द किया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी गई है। साथ ही 114 करोड़ रुपए से 42 स्टेडियमों को सुधारा जा रहा है।

कांग्रेस अफवाह व भ्रम फैलाकर कर रही राजनीति

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुद्दे के आधार पर कांग्रेस बात नहीं करती। अनरगल आरोप लगाकर, भ्रमित करके, अफवाह व भ्रम फैलाकर राजनीति करना चाहती है। कांग्रेस पर प्रदेश के लोगों का भरोसा उठ चुका है। गलत आरोप लगाते है, भ्रम फैलाकर राजनीति करने का काम करते है।

अपराधियों को पुलिस दे रही उनकी भाषा में जवाब

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून अपना काम कर रहा है। पिछले दिनों एनकाउंटर भी किए गए है। जो जिस भाषा में समझेगा, पुलिस उस भाषा में उन्हें जवाब देगी। पिछले दिनों अपराधियों को रेंगते हुए भी देखा गया था।

जींद की धरती से दिया जाएगा ऐतिहासिक संदेश

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से पूरी दूनिया को एक ऐतिहासिक संदेश देकर जाएंगे। जींद से कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही हरियाणा के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी प्रधानमंत्री करके जाएंगे।

राजनीति में खेल, खेल में राजनीति नहीं

खेलमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि डॉ. मंगलसेन मल्टीपर्पज हॉल में एसी के मैंटेनेंस का काम चल रहा है, जो जल्द पूरा हो जाएगा। इसमें कोई राजनीति नहीं हो रही। वैसे भी राजनीति में खेल हो सकता है, लेकिन खेल में राजनीति नहीं होनी चाहिए।