• कांग्रेस गुटबाजी पर बोले- धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी

पानीपत में आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने शिरकत की। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सद्भाव यात्रा को शक्ति प्रदर्शन कहे जाने के सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इस यात्रा का असल मकसद संगठन की मजबूती और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना है। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस के अनेक पुराने और निष्क्रिय हो चुके लोग फिर से सामने आए हैं।

काफी संख्या में नए लोग पार्टी से जुड़े हैं और अनेकों कार्यकर्ता फिर से एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में पूरे प्रदेश में यात्रा निकाली गई थी, और अब नया कार्यक्रम बनाया गया है जिसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में जाकर सीधे कार्यकर्ताओं से मिला जाएगा।

इसी कड़ी में पानीपत का यह पहला जिला स्तरीय कार्यक्रम है। इस सम्मेलन में पूर्व विधायक शमशेर गोगी और पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी जगदेव मलिक सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मुख्य रूप से मौजूद रहे।

सद्भाव यात्रा से एक्टिव हुए कार्यकर्ता, बीजेपी से नाराजगी ज्यों की त्यों

आगामी विधानसभा चुनावों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन वर्ष 2024 के चुनावों के दौरान जनता की भाजपा सरकार से जो नाराजगी थी, वह आज भी ज्यों की त्यों बरकरार है। यह नाराजगी समय के साथ और बड़ी जरूर होगी, जिसके चलते अगले चुनावों में परिणाम पूरी तरह बदले हुए मिलने के साफ संकेत हैं।

कांग्रेस की गुटबाजी पर बोले- धीरे-धीरे सब खत्म हो जाएगा

पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और गुटबाजी के सवाल पर पूर्व सांसद ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में स्थिति अब पहले की तुलना में और ज्यादा सुधरी है। नेताओं के बीच का तालमेल बेहतर हो रहा है और यह धड़ेबाजी धीरे-धीरे सभी को पूरी तरह से खत्म नजर आने लगेगी।

पीएम मोदी के जींद दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन पर तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 जुलाई को होने वाले जींद दौरे और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के मुद्दे पर बृजेंद्र सिंह ने चुटकी ली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, पता नहीं उस ट्रेन से क्या निकलेगा क्या नहीं। हालांकि, उन्होंने तकनीकी विकास की सराहना करते हुए कहा कि वैसे ग्रीन टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाना एक बहुत अच्छी चीज है। इसके साथ ही राजनीति में वंशवाद के आरोपों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में और विशेषकर राजनीति में कोई विरासत नहीं होती।

SIR और पुलिस वेरिफिकेशन पर उठाए गंभीर सवाल

सम्मेलन के दौरान पूर्व सांसद ने SIR (सस्पेक्टेड इमिग्रेंट रजिस्टर) की विडंबना पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लिया। उन्होंने एक गंभीर वाकये का जिक्र करते हुए कहा यह एक अजीब सी विडंबना है कि इलेक्शन कमीशन कोर्ट में कहता है कि SIR में जो हमारी लिस्ट बनती है, उसका और किसी सरकारी स्कीम से कोई लेना-देना नहीं है।

लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। कलकत्ता के रहने वाले एक वरिष्ठ नागरिक सिर्फ इसलिए अमेरिका में अपनी बेटी के विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित नहीं हो सके, क्योंकि उनके पासपोर्ट और वीजा के समय होने वाली पुलिस वेरिफिकेशन को अधिकारियों ने यह कहकर रद्द कर दिया कि इनका SIR में कोई रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए इनकी नागरिकता को साबित नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने इस मामले में न्यायपालिका के रुख पर भी असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि मुझे शिकायत है सुप्रीम कोर्ट से कि उन्होंने यह कह दिया कि 27 लाख वोट इस बार कट गई है, कोई बात नहीं अगली बार डाल देना, यह जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ ठीक नहीं है। वहीं, गोकुल सेतिया के कुर्सी को लेकर अपमानित करने वाले बयान पर उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि यह सवाल सीधे गोकुल सेतिया से ही पूछा जाना चाहिए।

सम्मेलन में ये प्रमुख नेता रहे उपस्थित

इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पानीपत कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सभा के संयोजक चौधरी जगदेव मलिक, पूर्व विधायक शमशेर गोगी, सुरेंद्र खर्ब, जगदीप मलिक, राहुल मलिक, निखिल मलिक, महेंद्र कादयान और रघबीर संधू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।