• मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से फोटो गायब

हिसार में CM नायब सैनी के कार्यक्रम में पोस्टर से फोटो गायब होने पर कुलदीप बिश्नोई ने अपना पक्ष रखा है। राजस्थान के जोधपुर में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा- CM उस दिन प्रोग्राम में 3 घंटे लेट थे। मुझे जरूरी काम से दिल्ली जाना था। भाजपा नेता कुलदीप ने आगे कहा- मेरे पास समय कम था, इसीलिए वहां से जल्दी निकलना पड़ा। मुख्यमंत्री को बताकर उनसे माफी भी मांग ली थी। 12 जुलाई को गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में नर्सिंग ब्लॉक और गर्ल्स हॉस्टल की नई बिल्डिंग की आधारशिला रखी गई थी। इस कार्यक्रम में सीएम नायब सैनी के साथ कुलदीप बिश्नोई की कुर्सी भी मंच पर लगाई गई थी। मंच पर लगे पोस्टर से जब कुलदीप की फोटो गायब मिली तो वे ऑडिटोरियम में बिना एंट्री किए ही वापस लौट गए थे। विधायक रणधीर पनिहार का भी सम्मान समारोह के दौरान मंच से नाम नहीं लिया गया था।

देरी के कारण मुझे दिल्ली निकलना पड़ा

कुलदीप बिश्नोई ने जोधपुर की एक गोशाला में हुए कार्यक्रम में कहा- कार्यक्रम के दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने निर्धारित समय से करीब 3 घंटे की देरी से चल रहे थे। वे कार्यक्रम में लेट आए। उसी दिन मेरा दिल्ली में एक जरूरी कार्यक्रम तय था। हिसार से दिल्ली का सफर तय करने में 3 घंटे का समय लगता है, इसलिए मुझे जल्द ही वहां से निकलना पड़ा।

भजनलाल ने समाज को 36 बिरादरियों से जोड़ा

कुलदीप बिश्नोई ने आगे कहा- अतीत में मेरे पिताजी चौधरी भजनलाल ने हरियाणा के हिसार में गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी का निर्माण करवाया था। यहां बुजुर्ग साथी बैठे हैं, ये जानते हैं कि पिताजी की सोच स्पष्ट थी। वे चाहते थे कि गुरु जम्भेश्वर भगवान के मानवता के कल्याण के लिए चलाए गए संदेश और काम केवल हमारे समाज तक सीमित न रहें, बल्कि वे समाज की सभी 36 बिरादरियों तक पहुंचें।

भावी पीढ़ी की प्रेरणा के लिए लगवाई प्रतिमा

कुलदीप बिश्नोई ने कहा, हमने यह फैसला लिया कि गुरु जम्भेश्वर भगवान और माता अमृता देवी जी की प्रतिमा को यूनिवर्सिटी में स्थापित किया जाए। इसका सबसे बड़ा उद्देश्य यह है कि वहां से गुजरने वाला किसी भी जाति का नौजवान जब इस प्रतिमा को देखेगा, तो वह समझ सकेगा कि बिश्नोई समाज में ऐसे महान लोग हुए हैं। जिन्होंने पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।

अब पढ़िए, क्या है पोस्टर विवाद

हिसार की गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम के मुख्य मंच पर लगे पोस्टर से अचानक भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की तस्वीर गायब कर दी गई, जबकि पहले पोस्टर में उनकी फोटो लगी हुई थी।

समर्थकों द्वारा इस बात की जानकारी दिए जाने के बाद नाराज कुलदीप बिश्नोई बिना ऑडिटोरियम में प्रवेश किए ही वहां से लौट गए थे। कार्यक्रम के दौरान उनकी कुर्सी पर उनके चचेरे भाई दुड़ाराम बैठे। वहीं नलवा विधायक रणधीर पनिहार का नाम भी मंच से नहीं पुकारा गया था, जिससे नाराजगी और बढ़ गई थी।