• आरोप-ट्रस्टी प्रधानमंत्री के नजदीकी

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता लंबे समय बाद आज मंगलवार को सिरसा पहुंचे। यहां उन्होंने पहले हनुमान मंदिर में सुंदरकांड पाठ किया और बाद में दोपहर को हिसार रोड स्थित निजी प्लेस में मीडिया से रूबरू हुए। आप नेता सुशील गुप्ता ने मीडिया को दिए बयान में राम मंदिर चोरी घोटले का मुद्दा उठाते हुए कहा, बीजेपी सरकार राम मंदिर में चोरी के आरोपियों की मदद कर रही है। जब मंदिर के पास भूमि घोटाला हुआ था, तब भी आवाज उठाई थी।

सुशील गुप्ता आरोप लगाते हुए बोले, मंदिर बनाने के समय भूमि कौड़ियों के भाव खरीदी गई और करोड़ों में बेची गई। उस पर कोई एक्शन नहीं लिया। खुलेआम करोड़ों का चंदा चोरी हुआ और जिनके सानिध्य में चोरी हुई और लूट के साझीदार थे। प्रधानमंत्री ने ये ट्रस्ट खुद बनाया और एक-एक व्यक्ति इसमें नजदीकी ट्रस्टी बनाया। परंतु प्रधानमंत्री चुप है। करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। सभी ने अपनी श्रद्धा से आभूषण भेंट किए थे।

सुशील गुप्ता बोले, हम हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे। सिरसा व देशभर से हस्ताक्षर करवाकर प्रधानमंत्री के नाम चिट्‌टी लिखेंगे, जिसमें आरोपियों को सरेआम फांसी देने की मांग करेंगे। घर-घर जाकर पत्र पर प्रधानमंत्री के नाम साइन करवाएंगे।

इतनी बड़ी चोरी हुई और विदेश में रहने वाले राम भक्तों को ठेस पहुंची है। सरकार उनके घर पर ईडी, सीबीआई नहीं भेजती। चोरों ने अपनी असलियत का परिचय दिया कि हम तो चोरी करते हैं। प्रधानमंत्री से लेटर लिखकर मिलने का समय मांगेंगे। राम मंदिर के ट्रस्टी ने ही पहले सस्ती जमीन खरीदी और बाद में राम मंदिर को ही महंगे दाम पर बेची। जमीन घोटाला तब से शुरू हो गया था।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के दबाव में राजस्थान को पानी दिया

आप नेता सुशील गुप्ता बोले, चैनत में पिछले कई दिन से धरना चल रहा है और ये सरकार पाइप से कनेक्शन नहीं दे रही। देश के प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री कहते हैं कि हमने नल से जल दे दिया। 80 प्रतिशत गांव में पीने के पानी की समस्या है और राजनीतिक कुछ नहीं चला रहे। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री के दबाव में यहां का पानी राजस्थान को दिया। शर्म नहीं आती कि कभी नकली बिहारी बनकर बिहार में घूम रहे तो कभी नकली सरदार बनकर पंजाब में घूम रहे हैं।

गुप्ता बोले-सीएम नकली बिहारी-सरकार बनकर घूम रहे

गुप्ता बोले, हरियाणा के हितों को बेच आते हैं और इनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। इससे बड़ी शर्म की बात क्या होगी। पूरा हरियाणा पानी के लिए तरस रहा है और हमारा मुख्यमंत्री चुपचाप साइन करके आता है। इससे बड़ा हरियाणा के लोगों से धोखा नहीं है। हमारी पार्टी इसका खुलकर विरोध करती है। लगातार कई दशकों से जिस पानी का हरियाणा इस्तेमाल कर रहा था, उस पानी पर हरियाणा का हक है।

 

चैनत धरना सरकार ने बनाया गांव-शहर का मुद्दा

चैनत धरना मामले में सुशील गुप्ता बोले, वहां के स्थानीय विधायक और मुख्यमंत्री ने ये मामला गांव/शहर का बना दिया। ये पूछना चाहेंगे कि शहर व गांव के लोगों के खून का रंग अलग होता है। क्या शहर व गांव के बच्चों से भेदभाव कर सकते हैं? पानी तो मांग रहे हैं दूध नहीं मांग रहे। आजादी के 78 साल बाद आप पानी नहीं दे रहे तो क्या होगा।

पंजाब को हरियाणा नहीं, हरियाणा को पंजाब बनाओ : गुप्ता

सीएम सैनी द्वारा हरियाणा का मॉडल पंजाब पर लागू करने के बयान पर गुप्ता बोले, पंजाब में आप सरकार से पहले भारत सरकारी नीति आयोग की रिपोर्ट में वहां के स्कूलों का 27वां नंबर था और आज भारत सरकार की आयोग की रिपोर्ट में पंजाब शिक्षा में नंबर वन हो गया है। पंजाब में अब नशे पर बहुत रोक लगी है। पंजाब में 24 घंटे फ्री बिजली मिलती है। हरियाणा में पैसे देकर भी बिजली नहीं मिलती। मुख्यमंत्री से कहूंगा कि पंजाब को हरियाणा नहीं, हरियाणा को पंजाब बनाओ। हरियाणा में हर व्यक्ति को 10 लाख का मुफ्त बीमा दो।

वहीं पंजाब से एसवाईएल का पानी हरियाणा को दिलाने की मांग के सवाल पर आप नेता सुशील गुप्ता ने जवाब देने से परहेज रखा और कहा, आज राम मंदिर मामले में ही हरियाणा में पहली पीसी की है।

गुप्ता बोले, ट्रेन से लोग तो आ जाएंगे, 20-30 हजार करोड़ देकर जाए प्रधानमंत्री

आप नेता सुशील गुप्ता बोले, प्रधानमंत्री मोदी जींद दौरे पर आ रहे हैं तो हरियाणा के लिए 20 से 30 हजार करोड़ रुपए का बजट देकर जाए। हरियाणा को गरीबी रेखा से नीचे कर दिया। अब आ रहे हो तो हरियाणा के बेरोजगारी व नशे का खत्म करके जाओ। ट्रेन को खाली हरी झंडी दिखाने आ रहे हैं तो कुछ नहीं। ट्रेन चाहे कोई भी हो, लोग उसमें चढ़ेंगे तो हरियाणा पहुंच ही जाएंगे।

इससे पहले सुशील गुप्ता कालांवाली नगरपालिका चुनाव के चलते सिरसा के कालांवाली में प्रचार के लिए आए थे। आप नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि अगर चुनाव आयोग की धज्जियां उड़ी है तो सिरसा प्रशासन में देखने काे मिली। भाजपा नशे के कारोबार में खुद शामिल है। भाजपा के बनाए शौचालयों में सीरिंज मिलती है और चिट्टे का नशा हर घर में पहुंच गया।