• VIDEO वायरल होने पर नेता बोले- समझौता किया, झुका नहीं कुकर्मों पर पर्दा डाला था

सिरसा में भाजपा जिलाध्यक्ष और पार्टी के एक नेता के बीच विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर 29 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें भाजपा नेता सुनील उर्फ टिशू प्रधान, डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और उनके पति के पैर छूते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद टिशू प्रधान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “मां समझकर पांवों में हाथ लगाए थे। मैं झुका नहीं हूं, समझौता किया है। आपके ही कुकर्मों पर पर्दा डाला था। मेरे साथ राजनीति मत करो।”

यह विवाद टिशू प्रधान की उस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने रेणू शर्मा को जिलाध्यक्ष पद से हटाने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद टिशू प्रधान ने रेणू शर्मा से माफी मांगी थी। अब उसी दौरान का वीडियो सामने आने के बाद विवाद फिर से गरमा गया है। टिशू प्रधान का आरोप है कि उनका अपमान करने के लिए यह वीडियो जानबूझकर वायरल किया गया।

26 जून को पहली पोस्ट से बढ़ा विवाद

डबवाली भाजपा जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और टिशू प्रधान के बीच विवाद 26 जून को सार्वजनिक हुआ। टिशू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रदेशाध्यक्ष से डबवाली जिलाध्यक्ष बदलने की मांग की। उन्होंने रेणू शर्मा पर परिवारवाद और अहंकार के आरोप लगाए। इसके बाद भाजपा नेता सर्वजोत उर्फ जोती सरा ने भी रेणू शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करनी शुरू कर दी।

प्रदेशाध्यक्ष के दौरे के बाद बढ़ा विवाद

27 जून को रेणू शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपों पर सफाई दी। इसके बाद 30 जून को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता के सिरसा दौरे के दौरान टिशू ने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष ने प्रदेशाध्यक्ष को भ्रमित किया और उन्हें दूसरे रास्ते से ले जाया गया। इसके विरोध में टिशू ने अपने पोस्टरों से रेणू शर्मा की तस्वीर भी हटा दी।

नोटिस, माफी और फिर वायरल हुआ वीडियो

3 जुलाई को रेणू शर्मा ने टिशू प्रधान और जोती सरा को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। दोनों नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई। नोटिस का जवाब देने से पहले टिशू प्रधान अपनी पत्नी के साथ पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी के पास पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश हुई और इसी दौरान टिशू ने रेणू शर्मा के पैर छूकर माफी मांगी।

सिंह रोड़ी उन्हें इशारा कर बुलाते नजर आए।

अब जानिए वीडियो में क्या दिख रहा…

29 सेकेंड के इस वीडियो में पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी पहले टिशू प्रधान को सोफे से उठाकर रेणू शर्मा के पास बुलाते हैं। इसके बाद टिशू, रेणू शर्मा के पैर छूते हैं। वहीं, रेणू शर्मा के पति भीमसेन शर्मा भी खड़े हो जाते हैं, जिसके बाद टिशू उनके भी पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं। माना जा रहा है कि यह वीडियो उसी समय किसी ने चुपके से बनाया था।

टिशू ने 2025 में भाजपा जॉइन की

सुनील उर्फ टिशू प्रधान ने 2025 में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की मौजूदगी में भाजपा जॉइन की थी। उन्होंने कालांवाली नगर पालिका चेयरमैन का चुनाव भाजपा टिकट पर लड़ा, लेकिन हार गए। उनकी पत्नी भाजपा की डबवाली जिला कार्यकारिणी की सदस्य हैं और संगठन की बैठकों में सक्रिय रहती हैं।

रेणू शर्मा के पति भी भाजपा नेता

रेणू शर्मा डबवाली भाजपा की पहली जिलाध्यक्ष हैं। वह लंबे समय से भाजपा से जुड़ी हैं। वर्ष 1994 में पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं। उनके पति भीमसेन शर्मा और देवर राजकुमार शर्मा भी भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं।