- इमरजेंसी के दलाल नारे का जिक्र किया था
हरियाणा के सीएम रहे बंसीलाल को लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर द्वारा दिए गए विवादित बयान पर अब कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने उनका पक्ष लिया है। श्रुति ने कहा-मनोहर लाल के बयान को गलत तरीके से पेश कर अनावश्यक विवाद खड़ा करने की कोशिश की गई।
चरखी दादरी में पत्रकारों से बातचीत में श्रुति ने कहा-मेरे दादा चौधरी बंसीलाल हरियाणा के निर्माता के रूप में जाने जाते हैं और पूरे प्रदेश में उनका सम्मान किया जाता है। उनके विकास कार्य आज भी लोगों के बीच मिसाल हैं। बड़े-बड़े नेता अपने कार्यों की तुलना उनके कार्यकाल से करते हैं। मनोहर लाल खट्टर ने भी कई मौकों पर चौधरी बंसीलाल के प्रति सम्मान व्यक्त किया है। ऐसे में उनके बयान को राजनीतिक लाभ के लिए तोड़-मरोड़कर पेश करना उचित नहीं है।
इमरजेंसी से जुड़ी चर्चा पर वो बात आई
श्रुति ने कहा-जिस बयान को लेकर विवाद बनाया जा रहा है, उसका संदर्भ इमरजेंसी से जुड़ी चर्चा था। जब गठबंधन सरकार और इमरजेंसी के विषय पर बातचीत हो रही थी, उसी संदर्भ में मनोहर लाल ने अपनी बात रखी थी।
राहुल गांधी भी काला अध्याय बता चुके
श्रुति ने आगे कहा- कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद कई बार इमरजेंसी को कांग्रेस के इतिहास का काला अध्याय बता चुके हैं। इसलिए इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
जिन लोगों ने बंसीलाल का साथ नहीं दिया वो ये कह रहे
श्रुति चौधरी ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने अपने राजनीतिक जीवन में चौधरी बंसीलाल का साथ नहीं दिया, वही आज उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। असल में मंत्री का इशारा बंसीलाल के बड़े बेटे रणबीर महेंद्रा के बेटे अनिरुद्ध चौधरी की तरफ था। अनिरुद्ध भिवानी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं।
बंसीलाल के नाम पर यूनिवर्सिटी व मेडिकल कॉलेज
श्रुति ने कहा-भिवानी में चौधरी बंसीलाल के नाम पर विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज जैसी संस्थाएं उनके योगदान की पहचान हैं। भाजपा सरकार उनके विकासवादी विचारों और पदचिह्नों पर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है।
अब जानिये…खट्टर का बयान क्या था
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा था-जब साल साल 1996 में हरियाणा में बंसीलाल के नेतृत्व में हरियाणा विकास पार्टी और भाजपा के बीच गठबंधन पर चर्चा चल रही थी। तब संगठन मंत्री होने के नाते मुझे बंसीलाल से बात करने की जिम्मेदारी मिली थी। तब मैंने उनसे कहा था-1975 में देश में आपातकाल के दौरान नारा प्रचलित था, ‘इमरजेंसी के 3 दलाल, इंदिरा-संजय-बंसीलाल’।
ऐसे में अगर उनके नेतृत्व में भाजपा साथ आएगी तो जनता सवाल पूछेगी, उसे क्या जवाब देंगे। खट्टर के मुताबिक तब कुछ सोचकर बंसीलाल ने कहा था-एक बात कह सकता हूं कि अब इस देश में दोबारा कभी इमरजेंसी नहीं लगेगी।
बंसीलाल के पोते ने जताई थी कड़ी आपत्ति
खट्टर का यह बयान सामने आने के बाद बंसीलाल के पोते अनिरुद्ध चौधरी ने वीडियो जारी की थी। जिसमें इस बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। अनिरुद्ध और श्रुति चौधरी ने पिछला विधानसभा चुनाव बंसीलाल के गढ़ तोशाम में आमने-सामने लड़ा था। जिसमें श्रुति को जीत मिली थी। उसके बाद श्रुति को नायब सैनी कैबिनेट में जगह मिली।
