- रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा बोले- कांग्रेस के प्रोजेक्ट, PM मोदी काट रहे फीता
रोहतक में लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में आए और नया कुछ देने की बजाय कांग्रेस के समय शुरू हुए प्रोजेक्ट का ही फीता काटकर क्रेडिट लेने में लगे रहे। 12 साल से केवल कांग्रेस सरकार के प्रोजेक्टों को ही अपना बताकर क्रेडिट ले रहे है।
शहीद मदन लाल ढ़ींगड़ा कम्युनिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जींद से जिस हाईड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई, जिसका इतना ढिंढोरा पीटा, जैसे उसके चलते से सारी दुख तकलीफ दूर जाएगी, लेकिन वह हाईड्रोजन ट्रेन एक दिन में ही फुस हो गई, उसे टोचन कर दिल्ली लेकर जाना पड़ा।
इतना पैसा खर्च किया, लेकिन हाईड्रोजन ट्रेन का क्या हुआ, सरकार बताए।
जींद-गोहाना-सोनीपत की लाइन कांग्रेस ने बिछाई
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस रेलवे लाइन पर हाईड्रोजन ट्रेन चलाई, वह जींद-गोहाना-सोनीपत लाइन कांग्रेस के समय बिछाई गई थी। भाजपा ने एक लाइन नहीं बिछाई। प्रधानमंत्री कम से कम नई लाइन की घोषणा ही कर जाते या जो रेल कोच फैक्ट्री बनारस लेकर गए थे, उसे ही वापस हरियाणा को दे जाते।
संसद में पेपर लीक घोटाले का उठाएंगे मुद्दा
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संसद सत्र में ऐतिहासिक पेपर लीक घोटालों का मुद्दा है, उसे उठाया जाएगा। कांग्रेस छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से छात्र हितों की लड़ाई लड़ रही है। नीट पेपर लीक या छात्रों के अधिकार के हनन की बात हो, कांग्रेस आवाज उठा रहा है। कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा है।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पीछे प्रदर्शन किया था, जिसमें मुझे निशाने पर लिया गया था। लेकिन कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं है। संघर्ष को निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस आगे बढ़ती रहेगी।
राम मंदिर को लूटने का संसद में उठेगा मुद्दा
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी का मुद्दा उठाया जाएगा। मोहम्मद गजनी ने तो मंदिरों को 27 साल में 17 बार लूटा था। लेकिन वो कौन लोग है, जिन्होंने 40 दिन में 70 बार राम मंदिर को लूटने का काम किया। भाजपा व आरएसएस के लोगों की नियुक्ति सरकार ने की है, जो राम मंदिर बनाने का क्रेडिट ले रहे थे, आज वो एक शब्द नहीं बोल रहे।
भारत की विदेश नीति हो चुकी खराब
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारत की विदेश नीति भी खराब हो चुकी है। भारत क्यों अमेरिका के दबाव में महंगा तेल खरीद रहा है। वहीं, इथेनॉल का मुद्दा भी उठाया जाएगा, क्योंकि इथेनॉल के कारण लोगों की गाड़ियां खराब हो रही है। क्यों पट्रोल में इथेनॉल डाला जा रहा है।
महिला आरक्षण बिल का करेंगे समर्थन
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को कांग्रेस लेकर आई थी, जिसे पूरा समर्थन किया जाएगा, लेकिन भाजपा इसमें परीसिमन का राजनीतिक षड़यंत्र कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा इसके अलावा भी कई षड़यंत्र कर रही है, जिनका पर्दाफाश करेंगे।
