- आज बिना पर्ची-खर्ची मिल रहीं
रोहतक में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। आज बाप-बेटे की सरकार नहीं है। बाप-बेटे की सरकार ना थी, ना है और ना आगे होगी। इसी बात की कांग्रेस को टीस है।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी मामले में जांच होनी चाहिए। इस मामले में एसआईटी गठित कर दी है। कांग्रेस जितनी संवदेना राम मंदिर चोरी में लगा रही है, उतनी राम मंदिर बनाने, राम मंदिर जाने, राम के चरित्र को अपनाने में नहीं दिखा रही। एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा। जो राम के पैसे को चोरी कर सकता है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सरकार के अच्छे कामों की हुड्डा नहीं करेंगे सराहना
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा विपक्ष के नेता है। वह किसी भी अच्छे काम के लिए सरकार की सराहना नहीं करेंगे। हर अच्छे काम में कोई ना कोई कमी तो निकालेंगे। कांग्रेस ने जो आरोप लगाए है, लिख कर दें, जांच करवाने के लिए सरकार तैयार है।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पीछे जो आरोप लगाए हैं, उन पर बात करने के लिए विधानसभा में तैयार थे, लेकिन कांग्रेस भाग खड़ी होती है। टीवी के सामने बयान देना, आरोप प्रत्यारोप लगाना, यही उनकी राजनीति है। जिसे जनता देख रही है।
युवाओं ने नेताओं के चक्कर काटने बंद किए
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि लाखों नौकरी बिना पर्ची खर्ची के सरकार दे रही है। युवाओं ने नेताओं के चक्कर काटने की बजाय कोचिंग सेंटर व यूनिवर्सिटी का रास्ता अपना लिया है। कांग्रेस के कार्यकाल में नौकरी के लिए बोलियां लगती थीं, लेकिन आज इंटरव्यू के बाद फोन पर रिजल्ट आ जाता है।
हरियाणा में बिजली पूरी दी जा रही
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि बिजली पूरी दी जा रही है। कहीं तार टूट गया या अन्य कोई दिक्कत होती है तो परेशानी हो सकती है। आज सरप्लस बिजली है, जो लोग बिजली का बिल दे रहे है, उन्हें बिजली मिल रही है। जो योजनाएं सरकार ने चलाई थी, उन्हें पूरा किया जा रहा है।
