- भूपेंद्र हुड्डा बोले- भाजपा में कौन बाबू, मन्नै कोनी बेरा, प्रजातंत्र की उड़ा रहे धज्जियां
रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चैनत गांव में तीन बार ड्रामा हो चुका है। पहले प्रशासन ने टी लगाई, फिर टी को उखाड़ा गया और अब फिर टी लगा रहे है। सीएम मना करते हैं, मनोहर लाल खट्टी हां भर रहे हैं। भाजपा में कौन बाबू है, किसकी चलती है, मन्नै कोनी बेरा।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा में कौन सरकार चला रहा, किसकी चलती है, नहीं पता। जब मनोहर लाल खट्टर सीएम थे तो विधानसभा में मैंने सवाल पूछा। मनोहर लाल जवाब देने के लिए उठे। उसी समय रामबिलास शर्मा उठ गए, ओमप्रकाश धनखड़ खड़े हो गए और पीछे से अनिल विज उठ खड़े हुए।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मनोहर लाल खट्टर ने अनिल विज से कहा कि बैठ जाओ। अनिल विज ने मनोहर लाल को कहा कि आप बैठ जाओ। मैंने कहा कि क्या ड्रामा हो रखा है, कौन सरकार चला रहा है। कौन राज कर रहा है। सवाल का जवाब कौन देगा, यह भी नहीं पता।
सोनम वांगचुक को गलत तरीके से उठाया
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सोनम वांगचुक को कल जबरन गलत तरीके से उठाकर ले गए। वो किसके लिए बैठा है। सोनम वांगचुक तो सिस्टम बदलने की मांग को लेकर ही बैठा है। उसकी पत्नी ने कहा कि अस्पताल बदलो, वो नहीं बदला। देश पहले अंग्रेजों का गुलाम था, तब किसी ने गांधी को नहीं उठाया। आज प्रजातंत्र की धज्जियां उड़ा दी। बैठकर समाधान निकालने की बजाय आवाज कुचल रहे है।
विपक्ष मांग रहा धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नीट पेपर लीक करके युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। पेपरों का ट्रांसपेरेंट सिस्टम होना चाहिए। धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया, जबकि नैतिकता के आधार पर देना चाहिए था। आज सारा विपक्ष धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
देश के 9 करोड़ युवा 6 लाख नौकरियों के लिए कर रहे आवेदन
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देश के 9 करोड़ लोग हर साल 6 लाख नौकरियों के लिए आवेदन करते हैं। शिक्षा का निजीकरण हो रहा है। शिक्षा बचाओ अपना भविष्य बचाओ कार्यक्रम चल रहा है। हरियाणा के बच्चों को क्लास ए में नौकरी नहीं मिल रही, जबकि यूपीएससी व नीट में टॉप करते हैं।
देशभर में 150 पेपर हुए लीक
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि देशभर में 150 पेपर लीक हुए है। जबकि हरियाणा की बात करें तो 30 से अधिक पेपर लीक हो गए। एक के बाद एक पेपर लीक होने के कारण युवाओं के मन में भी निराशा पैदा हो रही है। आज हरियाणा देशभर में सबसे असुरक्षित प्रदेश बना हुआ है।
