• गोकुल सेतिया पुलिस से उलझे, भाजपा का कांग्रेस दफ्तर पर हंगामा

हरियाणा में NEET पेपर लीक और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने जगह-जगह प्रदर्शन किया। रोहतक में बुधवार दोपहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ऑफिस पर जमकर प्रदर्शन किया।

इसके विरोध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में कांग्रेस वर्करों ने पंचकूला में भाजपा दफ्तर घेर लिया। यहां करीब आधे घंटे तक जमकर नारेबाजी की। सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और पंचकूला विधायक चंद्रमोहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इसके विरोध में कई कांग्रेस विधायक पुलिस वैन के आगे ही बैठ गए। पुलिस ने प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कई विधायकों को डिटेन कर लिया। नरेंद्र सिंह के पैर पकड़कर पुलिस ने गाड़ी में डाल लिया। हालांकि इसके बाद सभी नेताओं को पंचकूला पुलिस लाइन से छोड़ दिया गया।

इससे पहले यमुनानगर में कांग्रेसियों ने पीएम मोदी के पुतले को लाठी-चप्पलों से पीटा और फिर आग के हवाले कर दिया। भिवानी में डीसी कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने गेट पर ही रोक लिया। इससे कांग्रेसियों ने नारोबाजी करते हुए अंदर जाने का प्रयास किया। इसमें कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई।