• कई गांवों में बनेंगी गलियां, चौपाल, धर्मशाला और वाटर टैंक

हरियाणा की BJP सरकार रतिया के कांग्रेसी विधायक जरनैल सिंह पर खूब मेहरबान है। सरकारी कार्यक्रमों में चीफ गेस्ट बनाने के बाद अब उनके रतिया विधानसभा क्षेत्र में डेढ़ करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। विकास एवं पंचायत विभाग ने हरियाणा ग्रामीण विकास योजना के तहत 1 करोड़ 49 लाख 25 हजार रुपए मंजूर किए हैं।

इस राशि से ग्रामीण विकास के 16 कार्यों को सिरे चढ़ाया जाएगा। विकास एवं पंचायत विभाग के स्पेशल सेक्रेटरी अनीश यादव की ओर से जारी विकास कार्यों की लिस्ट को रतिया विधायक जरनैल सिंह को भी भेजा गया है। बता दें कि, राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में नाम सामने के बाद से लगातार जरनैल सिंह बीजेपी के चहेते बने हुए हैं।

इन दिनों खुद जरनैल सिंह भी पूरी तरह बीजेपी के रंग में रंगे नजर आते हैं, उन्हें जिला स्तर के कार्यक्रमों में भी कभी मुख्य तो कभी विशिष्ट अतिथि बनाया जाता है। पिछले दिनों वह पीएम नरेंद्र मोदी के जींद कार्यक्रम से एक दिन पहले बीजेपी कार्यालय में भी पहुंचे हुए नजर आए थे।

इन गांवों में गली निर्माण को मिली मंजूरी

प्रदेश सरकार की ओर से रतिया ब्लॉक के गांव हमजापुर में जंगीर सिंह से रिशपाल सिंह के घर तक गली निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, गांव भूंदड़वास में काला टेलर के घर से मेन फिरनी तक की गली बनाने के लिए 6.91 लाख रुपए, गांव अकांवाली में राजाराम नूनिया के घर से रामेश्वर हुड्डा के घर तक 3.72 लाख रुपए से गली बनेगी।

वहीं, बहल भोमिया रामपुरा गांव में मुख्य सड़क से सोहन सिंह के घर तक आईपीबी गली निर्माण के लिए 7.37 लाख रुपए और गांव चंदो कलां में सरदार अमरजीत सिंह की ढाणी से मलकीत सिंह की ढाणी तक रास्ते के निर्माण के लिए 14 लाख 98 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

इन गांवों में लगेंगे लोहे के शेड

रतिया ब्लॉक के गांव अहरवां में सामुदायिक भवन के पास आयरन शेड लगाने के लिए 9.58 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। फतेहाबाद ब्लॉक के गांव शहीदांवाली में एससी चौपाल में हॉल और आयरन शेड निर्माण के लिए 16.17 लाख रुपए, गांव भूथन कलां की श्रीकृष्ण गौशाला में आयरन शेड लगाने के लिए 10.29 लाख रुपए, गांव अहरवां की एससी चौपाल में आयरन शेड लगाने के लिए भी 9.58 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

इन गांवों में भी होंगे विकास कार्य

गांव सुखमनपुर के कब्रिस्तान में 10 लाख 29 हजार रुपए से बाउंड्री वॉल, गांव कंवलगढ़ की ई-लाइब्रेरी में फर्नीचर के लिए 4 लाख 94 हजार रुपए, गांव बादलगढ़ के गुरु रविदास भवन में कमरे और टॉयलेट निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, गांव बलियाला में एससी चौपाल निर्माण के लिए 11 लाख 50 हजार रुपए, गांव भोडियाखेड़ा की गुरु रविदास धर्मशाला में हॉल निर्माण के लिए 19 लाख 40 हजार रुपए मंजूर हुए हैं।

इसी तरह ढाणी दादूपुर में पूर्व सरपंच साधुराम के घर के पास वाटर टैंक बनाने के लिए 2 लाख 32 हजार रुपए और गांव नकटा में ओपन जिम निर्माण के लिए 2 लाख 20 हजार रुपए दिए गए हैं।