- CM सैनी की नूंह रैली में होगी जॉइनिंग, पहले खट्टर के साथ नजर आए थे
हरियाणा में कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले नूंह क्षेत्र में BJP सेंध लगाने की कोशिश कर रही है। शनिवार को नूंह के पुन्हाना हलके में रैली रखी गई है। इसी रैली में मंच पर कांग्रेस MLA मोहम्मद इलियास के बेटे जावेद खान भाजपा में शामिल होंगे। बातचीत में जावेद खान ने इसकी पुष्टि की। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिग के बाद से ही मोहम्मद इलियास भाजपा के साथ नजर आ रहे हैं। कांग्रेस उन्हें सस्पेंड कर चुकी है। हालांकि अपनी सस्पेंशन पर इलियास ने कहा था-जब पकी पकाई खीर मिल रही है तो इस्तीफे की क्या जरूरत?
क्रॉस वोटिंग में नाम आने के बाद इलियास की बढ़ी थी भाजपा से नजदीकियां
राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग में पांच कांग्रेस विधायकों शैली चौधरी (नारायणगढ़), रेनू बाला (सढ़ौरा), मोहम्मद इलियास (पुन्हाना), मोहम्मद इजराइल (हथीन), जरनैल सिंह (रतिया) के नाम आए थे। इसके बाद विधायक मोहम्मद इलियास की केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। 24 घंटे के अंतराल में केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री से ये दूसरी मुलाकात है।
इन मुलाकातों को लेकर मोहम्मद इलियास कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। दोनों मुलाकात में शामिल रहे उनके एक करीबी ने दैनिक भास्कर एप को बताया कि इन्हें शिष्टाचार मुलाकात कह लें, पार्टी के नोटिस पर कुछ नहीं कहेंगे।
