• ऑटो सवार बेटियों ने दिखाया आईना

रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता से जुड़े असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा लगातार राजनीतिक ड्रामा कर रही है, लेकिन अब जनता सब समझती है। भाजपा के प्रदर्शन के दौरान ऑटो सवार बेटियों ने जिस तरह खुद खड़े होकर भाजपा नेताओं को जवाब दिया, वह बदलते हरियाणा की तस्वीर है।

विधायक बीबी बत्रा ने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा से डरने और दबने वाली नहीं है। भाजपा की मुद्दों से भटकाने की हर कोशिश अब नाकाम होगी। भाजपा नेताओं को यह समझना होगा कि विरोध करने वाले युवा हमारे ही बच्चे हैं और सभ्य समाज का हिस्सा हैं। उन्हें लाठियों के दम पर दबाने के बजाय सरकार की जिम्मेदारी है कि युवाओं को सुरक्षित और बेहतर भविष्य दे।

अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे युवा

विधायक बत्रा ने कहा कि आज का युवा जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना जानता है। भाजपा यह गलतफहमी छोड़ दे कि लाठियों और पुलिसिया कार्रवाई के सहारे युवाओं की आवाज को दबाया जा सकता है। लाठीचार्ज मामले में जो भी दोषी है, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस लगातार उठा रही युवाओं की आवाज

विधायक बीबी बत्रा ने कहा कि कांग्रेस लगातार युवाओं की आवाज को उठाने में लगी हुई है। छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से भी अभियान चलाया हुआ है। कांग्रेस युवाओं, छात्रों और आम जनता के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ रही है।