हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को दोपहर बाद करनाल के नमस्ते चौक पर पहुंचे। यहां उन्होंने सैनिक स्कूल में उनके सहपाठी रहे इकबाल सिंह के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई।

शिक्षा संशोधन बिल पर सरकार को घेरा

मीडिया से बातचीत के दौरान हुड्डा ने कैबिनेट द्वारा शिक्षा संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि यह केवल राहुल गांधी की मांग नहीं थी, बल्कि सभी विपक्षी दलों और प्रदेश के लोगों की भी यही मांग रही है।

सीजेपी और केंद्रीय मंत्री नड्डा की बैठक पर बोले

उनसे जब पूछा गया कि आज दोपहर को सीजेपी और सरकार के बीच वार्ता हुई। इस वार्ता में सीजेपी की दो मांगों पर सहमती हो गई। जबकि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सहमती नहीं बनी, जिसके चलते सरकार ने उनसे कल तक का समय मांगा है। इस पर जवाब देते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि जंतर मंत्र पर बैठे सभी छात्रों की भी यही मांग है। इसलिए शिक्षा मंत्री को किसी के कहने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्हें स्वयं नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।