- पूरा नेतृत्व शामिल हो सकता, हर जगह पैसा दिया, निष्पक्ष जांच की मांग
कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नगर परिषद में प्रॉपर्टी टैक्स विवाद को लेकर भाजपा के स्थानीय नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में जो कथित घोटाला हुआ है, उसमें केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि भाजपा नेता भी शामिल हैं। हर जगह पैसा दिया गया है। इस मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
सुरजेवाला शनिवार को कैथल की नई अनाज मंडी में व्यापारियों द्वारा आयोजित सम्मान समरोह में पहुंचे थे। नगर परिषद मामले में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में भी यह मामला आया है। यह एक गंभीर मामला है।
इसमें केवल अधिकारी शामिल नहीं हो सकते, बल्कि इसमें भाजपा का पूरा नेतृत्व शामिल हो सकता है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। यही इसका हल है और तभी आरोपियों को सजा मिलेगी। नहीं तो अंधा बांटे रेवड़ी वाली कहावत बन जाएगी। वे दोषी भी खुद हैं और जांच भी उन्हीं को दी जा रही है।
सुरजेवाला ने सिटी स्क्वेयर का भी मुद्दा उठाया
सुरजेवाला ने कहा कि कैथल सिटी स्क्वेयर में भी ऐसा ही हुआ। एक ही ठेकेदार को बार बार ठेका दिया गया, क्योंकि नगर परिषद से लेकर ऊपर तक हर जगह पैसा पहुंचा था। करोड़ों रुपए हड़प लिए गए। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
सरकार को बताया व्यापार व व्यवसाय विरोधी
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व नायब सैनी सरकार व्यापार व व्यवसाय विरोधी सरकार है। दुकानदारों, आढ़तियों, व्यापारियों व उद्योगपतियों को हरियाणा सरकार ने लावारिस बनाकर रामभरोसे छोड़ दिया है। भाजपा सरकार की नीतियां न केवल व्यापार विरोधी हैं, बल्कि सरकार हो या बदमाश, दोनों ने ही व्यापारियों और उद्योगपतियों को वसूली की मशीन समझ रखा है।
