• MLA योगेंद्र राणा को बताया गद्दार, विधायक बोले-सर्व समाज से चलती है राजनीति

करनाल जिला परिषद की पूर्व चेयरपर्सन प्रवेश राणा के पति सोहन सिंह राणा ने कुर्सी जाने के बाद खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की। करनाल में राजपूत धर्मशाला में आयोजित समाज की पंचायत में उन्होंने असंध के विधायक योगेंद्र राणा पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें “गद्दार” तक कह दिया।

उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ पार्टी के अंदर ही साजिश रची गई और योजनाबद्ध तरीके से उन्हें चेयरमैन पद से हटाया गया। वहीं, विधायक योगेंद्र राणा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सर्व समाज की राजनीति पर जोर दिया और माहौल शांत रखने की अपील की।

पंचायत में बोले-कुर्सी गई, उस रात चैन की नींद आई

सोहन सिंह राणा ने पंचायत में कहा कि उनके लिए चेयरमैनी कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस दिन मेरी चेयरमैनी गई, उस रात मुझे चैन की नींद आई। नींद उन्हें नहीं आती जो भ्रष्टाचार करते हैं और अठन्नी-चवन्नी कमाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने राजनीति में कभी गलत तरीके से कमाई नहीं की और न ही ऐसी कोई इच्छा रखी।

पार्टी के अंदर साजिश का आरोप, संघर्ष जारी रखने का ऐलान

सोहन सिंह राणा ने कहा कि उनके खिलाफ पार्टी के भीतर ही षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने ऐलान किया कि वे पार्टी के अंदर रहकर ही संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे साथ गद्दारी की गई है, और मैं इस गद्दारी को आगे बढ़ने नहीं दूंगा। अगर कोई आगे बढ़ेगा तो मैं और मेरा समाज उसके रास्ते में खड़े मिलेंगे।

राजपूत समाज के समर्थन का दावा, 21 सदस्यीय कमेटी बनेगी

उन्होंने कहा कि वे राजपूत समाज से अकेले चेयरमैन थे और उनकी कुर्सी जाने का दर्द समाज को भी है, इसलिए समाज के लोग एकत्रित हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब 21 सदस्यीय कमेटी बनाई जा रही है, जो आगे की कार्रवाई तय करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और उनके पुतले भी फूंके जाएंगे।

पार्षदों के आरोपों पर पलटवार, कांग्रेस में जाने की बात को बताया झूठ

विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में जाने के आरोपों पर सोहन सिंह राणा ने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है। उन्होंने आरोप लगाने वाले पार्षद को पैदायशी कांग्रेसी बताया और कहा कि वह पैसे लेकर कुछ भी बोल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो पार्षद दूसरी तरफ गए हैं, उन्हें अब “अठन्नी-चवन्नी” मिल जाएगी।

योगेंद्र राणा पर सीधा हमला, मंत्री बनने पर विरोध की चेतावनी

सोहन सिंह राणा ने विधायक योगेंद्र राणा को गद्दार बताते हुए कहा कि उन्होंने न केवल उनके साथ बल्कि पूरे समाज के साथ गद्दारी की है। उन्होंने कहा कि यदि योगेंद्र राणा को मंत्री बनाया गया तो पूरा समाज इसका विरोध करेगा। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इसके खिलाफ सबूत हैं, जिन्हें वे उचित समय पर सामने लाएंगे।

योगेंद्र राणा का जवाब-सर्व समाज से चलती है राजनीति

वहीं, विधायक योगेंद्र राणा ने सोहन सिंह राणा के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाज के लोग उनके साथ हैं और उन्होंने अपनी बात समाज के सामने रख दी है। उन्होंने कहा, “सोहन भी हमारा है और हम भी सोहन के हैं। राजनीति किसी एक समाज से नहीं, बल्कि सर्व समाज से चलती है।” उन्होंने यह भी कहा कि चुनावों में सभी वर्गों के लोगों का समर्थन मिलता है, इसलिए जात-पात से ऊपर उठकर काम करना जरूरी है।

योगेंद्र राणा ने कहा कि मौजूदा हालात में माहौल को शांत रखना जरूरी है। उन्होंने अपील की कि किसी भी तरह का विवाद समाज और पार्टी दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।