• भिवानी में राव नरेंद्र बोले- सरकार 2 बार झुकी, विपक्षी दल एक हो सकते हैं

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कहा कि यह देश के युवाओं व सभी साथियों की मांग थी। नीट का पेपर कैंसिल होने के कारण 21 युवाओं ने आत्महत्या की थी। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने छात्रों की गूंज नाम से अभियान चलाया और जगह-जगह गए तथा युवाओं व छात्रों से मिले।

राव नरेंद्र सिंह ने भिवानी पहुंचने पर  बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, जब जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ अन्याय हुआ तो राहुल गांधी व अन्य कांग्रेसी सांसद तथा विपक्षी सांसदों ने धरना दिया और प्रदर्शन किया।

इस दौरान राहुल गांधी को भी चोटें आई। सबका संघर्ष काम आया, अंत में तानाशाही सरकार को सत्य व जन दबाव के सामने झुकना पड़ा। यह इस्तीफा शुरूआत है, अंत नहीं है। अभी शुरूआत हुई है आगे देखें क्या-क्या होता है।

बता दें कि, राव नरेंद्र सिंह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भिवानी में आयोजित कांग्रेस के विक्ट्री मार्च में शामिल होने पहुंचे थे। जिसमें कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी व ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी आदि कांग्रेसी शामिल हुए।

सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेंगे- प्रदेशाध्यक्ष

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आगे भी हमारी लड़ाई जारी रहेगी। हम सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेंगे। मोदी सरकार 2 बार झुकी है। एक बार जब किसानों ने शहादत दी तब काले कानून वापस लेने पड़ें। वहीं अब छात्रों के आंदोलन की पूरे देश में आग लगी हुई थी। उसके बाद इस्तीफा दिया।

इस जीत का श्रेय लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा था कि “मैं राजनीतिक बात नहीं करूंगा और किसी पार्टी की बात नहीं करुंगा। केवल छात्रों के भविष्य की बात करूंगा।” कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी थी और आगे भी खड़ी है।

विपक्षी दल एक हो सकते हैं- राव नरेंद्र

जिस प्रकार से छात्रों के आंदोलन में विपक्षी दल समर्थन में आए, तो क्या आगे भी विपक्षी दल एक हो सकते हैं के सवाल का जवाब देते हुए राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि “हां हो सकते हैं।”

भाजपा ऐसा काम कर रही है कि पिछले 12 साल में देश बहुत नीचे चला गया है। महंगाई व कानून व्यवस्था देखें, हर क्षेत्र में सरकार फेल है। 152 बार पेपर लीक हुए हैं। एक भी व्यक्ति को सजा नहीं हो पाई है। पहले भी हरियाणा में कांग्रेस राज बनने का पूरा-पूरा माहौल था, लेकिन भाजपा ने बेईमानी करके व ईवीएम का सहारा लेकर यह हालात हुए। 2029 में देश व प्रदेश में परिवर्तन होना निश्चित है।

2029 के लिए जुटी कांग्रेस

2029 को लेकर कांग्रेस को मजबूत करने के सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जमीनी स्तर पर जुड़े लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। विधिवत रूप से पहले संगठन को मजबूत कर रहे हैं।

नए प्रभारी आने के बाद जिलों का दौरा शुरू किया है, वहां के जमीनी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए प्रत्येक जिले में जा रहे हैं। लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं, उसको पार्टी हाईकमान तक पहुंचाया जाएगा।

सरकार अच्छा करेगी तो अच्छा कहेंगे- राव नरेंद्र राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक हुआ और 22 लाख छात्र प्रभावित हुए। यह तो सरकार जानबूझकर शिक्षा और परीक्षा पर माफिया हावी करवा रकता है, मिलीभगत है इनकी। इसलिए छात्रों को आत्महत्या करनी पड़ी और उनमें रोष फैला और आंदोलन करने के लिए जंतर मंतर पर पहुंचे।

क्या उम्मीद है इस्तीफे के बाद पेपर लीक नहीं होंगे के सवाल पर कहा कि नई शुरूआत हुई है। देखते हैं क्या करती है। सरकार की ड्यूटी बनती है। हम तो विपक्ष में हैं। काम अच्छा करेंगे तो अच्छा कहेंगे, नहीं करेंगे तो उसकी बुराई करेंगे और जनता के बीच जाएंगे।