- घर-घर जाकर वोट सत्यापन के दिए निर्देश
हरियाणा के नारनौल में जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शविवार को नांगल चौधरी स्थित जाट धर्मशाला में आयोजित BLA-2 प्रभारियों की बैठक में पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले में अब तक करीब 64 हजार वोट काटे जा चुके हैं। उन्होंने BLA-2 प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का वोट कटने नहीं देना चाहिए।
घर-घर जाएंगे
इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें तथा जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उन्हें दोबारा जुड़वाने में मदद करें। उन्होंने जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग कर रहे युवाओं के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उसने लोकतंत्र को शर्मसार किया है।
लाठीचार्ज सही नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार मांगने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज करना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार को शोभा नहीं देता। साथ ही कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ा है और सरकार रोजगार देने के बजाय युवाओं को संघर्ष करने पर मजबूर कर रही है।
जनता हो रही परेशान
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर जनता परेशान है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जबकि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों को निराशा ही हाथ लगी।
बनाए जाएंगे पहचानपत्र
बैठक को प्रदेश अध्यक्ष बिरज शर्मा और राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। नेताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और सभी BLA-2 प्रभारियों के पहचान पत्र भी बनाए जाएंगे।
