- कुलदीप बिश्नोई और देवेंद्र बूडिया खेमों में मुकाबला
अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा ने ग्राम व वार्ड सभा से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार चुनावी प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू होकर 5 अक्टूबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव और उसी दिन परिणाम घोषणा के साथ पूरी होगी।
चुनावी शेड्यूल जारी होते ही हरियाणा, खासकर हिसार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इस बार महासभा के चुनाव में पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और बिश्नोई समाज के वरिष्ठ नेता देवेंद्र बूडिया समर्थक आमने-सामने नजर आ सकते हैं।
हालांकि दोनों पक्षों की ओर से अभी तक किसी उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। चुनाव को लेकर समाज में बैठकों और रणनीति का दौर शुरू होने की संभावना है। चुनाव कार्यक्रम 30 जुलाई को जारी किया गया है।
गांव से राष्ट्रीय स्तर तक तीन चरणों में होंगे चुनाव
महासभा के चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में ग्राम/वार्ड सभा के पदाधिकारियों एवं जिला प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। दूसरे चरण में जिला सभा के पदाधिकारी और महासभा प्रतिनिधि चुने जाएंगे। इसके बाद तीसरे और अंतिम चरण में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।
हिसार पर रहेगी सबसे ज्यादा नजर
बिश्नोई समाज की राजनीति में हिसार हमेशा सबसे प्रभावशाली केंद्र माना जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल परिवार की राजनीतिक विरासत के कारण यहां महासभा के चुनावों का असर प्रदेश की राजनीति तक देखा जाता है।
ऐसे में चुनावी शेड्यूल जारी होने के बाद सबसे ज्यादा नजर हिसार पर रहेगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि कुलदीप बिश्नोई और देवेंद्र बूडिया समर्थक अलग-अलग उम्मीदवार मैदान में उतारते हैं तो मुकाबला बेहद दिलचस्प हो सकता है। हालांकि उम्मीदवारों और समर्थन को लेकर अंतिम तस्वीर नामांकन के समय ही साफ होगी।
