• मंडल अध्यक्षों के इस्तीफे पर कहा-जो जिम्मेदारी नहीं निभाएगा उसे बदलना ही पड़ेगा

हिसार में आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता पहुंची। यहां उन्होंने जिला पार्टी कार्यालय में 7 जिलों के मंडल अध्यक्षों व प्रभारियों के संवाद किया। वहीं मंडल अध्यक्षों के इस्तीफे और जिलाध्यक्ष के बीच हुए विवाद पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हिसार की महिलाध्यक्ष मजबूत हैं और मेरी जिलाध्यक्ष किसी से डरने वाली नहीं है।

उन्होंने बागी मंडल अध्यक्षों को सख्त मैसेज देते हुए कहा कि संगठन जो काम नहीं करता उसकी जगह दूसरों को मौका दिया जाता है। ऐसे में जो काम नहीं करेगा उसे बदला जाएगा। संगठन की अपेक्षाएं भी रहती हैं। एक मंडल अध्यक्ष के जिम्मे 50 हजार वोट होते हैं ऐसे में उनकी भी जिम्मेदारी बनती है।

वहीं हिसार में बैठक के दौरान अर्चना गुप्ता ने मंडल अध्यक्षों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

मंडल से बूथ तक संगठन को मजबूत बनाएं

डॉ. अर्चना गुप्ता ने हिसार, सिरसा, डबवाली, फतेहाबाद, भिवानी, हांसी और चरखी दादरी जिलों के मंडल अध्यक्षों एवं मंडल प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक ली। बैठक में मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

तिरंगा यात्रा और बूथ बैठकों की तैयारियों पर चर्चा

 बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी तिरंगा यात्रा, मंडल त्रिदेव बैठक और बूथ स्तर की बैठकों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयारी की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सभी वर्गों से संपर्क और संवाद स्थापित करें।

कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें

 उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें और आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और टीम भावना के साथ संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद 

बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री वेद फूलां, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हिसार जिला प्रभारी जवाहर सैनी, हिसार जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़, हांसी जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मुकेश गौड़, सुनीता दांगी, रेणु डाबला, जिला महामंत्री कृष्ण सरसाना सहित सातों जिलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं अन्य संगठनात्मक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

11 मंडल अध्यक्षों ने दिया था इस्तीफा

बता दें कि हिसार के 11 मंडल अध्यक्षों ने पिछले दिनों सामूहिक रूप से अपने इस्तीफे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को भेज दिए हैं। इस्तीफों में जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए थे। साथ ही उन पर लगातार अनदेखी के आरोप भी लगाए हैं। सभी 11 मंडल अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर कर अपने पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। हालांकि अगले दिन मंडल अध्यक्षों ने साफ कहा था कि यह इस्तीफा फर्जी है। उन्होंने कभी ऐसा नहीं लिखा।