- फरीदाबाद पहुंचे छत्तीसगढ़ से BJP सांसद विजय बघेल
छत्तीसगढ़ के दुर्ग से भाजपा सांसद विजय बघेल रविवार की देर शाम फरीदाबाद पहुंचे। बघेल ने कहा कि एक समय छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सलवाद से होती थी, लेकिन भाजपा में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है। अब छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के लिए नहीं, बल्कि विकास और पर्यटन के लिए जाना जाएगा।
एथेनॉल को लेकर चल रही राजनीतिक बहस पर भी विजय बघेल ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एथेनॉल आम लोगों के लिए कोई समस्या नहीं है, लेकिन विपक्ष को यह बात हजम नहीं हो रही है। इसी वजह से विपक्ष एथेनॉल के मुद्दे को बेवजन दे रहा है।
पहले वाला छत्तीसगढ़ अब नहीं रहा
सांसद विजय बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस छत्तीसगढ़ को लोग पहले नक्सलवाद के नाम से जानते थे, वह अब बदल चुका है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और आने वाले समय में देश-दुनिया के लोग छत्तीसगढ़ को एक खूबसूरत पर्यटन स्थल के तौर पर जानेंगे।
बेरोजगारी और पलायन को माना चुनौती
हालांकि विजय बघेल ने माना कि प्रदेश में बेरोजगारी और पलायन जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इन समस्याओं पर काम कर रही है और आने वाले समय में इन्हें जड़ से खत्म करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
कांग्रेस पर जमकर बरसे विजय बघेल
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विजय बघेल ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ शोर मचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल शोर मचाने से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
