- कांग्रेस की कलह पर जबाव कहा-गोकुल सेतिया की परेशानी पता नहीं, पार्टी लेगी संज्ञान
रोहतक में कांग्रेस नेता व हिसार से पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में कम से कम हाथ तो मिल रहे हैं, भाजपा में तो कुछ भी नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि बावल में सीएम नायब सैनी व केंद्र के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान का सरकारी कार्यक्रम था, उसमें ना केंद्र का कोई नेता और ना भाजपा का कोई विधायक नजर आया।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लोग साथ दिख जाए तो उनके दिल नहीं मिल रहे, साथ ना दिखे तो उनमें दरार है। कम से कम कांग्रेस के हाथ तो मिल रहे हैं। राजनीतिक पार्टी व परिवार हैं, भांडे तो भिडेंगे तो कुछ तो खुड़का भी होगा। लेकिन कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
गोकुल सेतिया पर पार्टी लेगी संज्ञान
सिरसा विधायक के सवाल पर बृजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया से जिंदगी में एक बार ही मिला हूं। मुझे नहीं पता कि वो क्यों ऐसा बोल रहे हैं। उनकी क्या मानसिकता है, उन्हें ही पता होगा। इस मामले में पार्टी संज्ञान लेगी। पार्टी की अनुशासनात्मक कमेटी भी है, वो भी देखेगी। शिकायत उस चीज की होती है, जिसमें कोई तत हो। हर फिजुली बात पर क्या शिकायत करेंगे।
यूनिवर्सिटिज को निजीकरण की तरफ धकेला
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने स्टेट यूनिवर्सिटीज को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। यूनिवर्सिटिज को लोन लेकर काम चलाना पड़ रहा है। प्रदेश की यूनिवर्सिटिज की बात करें तो 7.5 हजार करोड़ रुपए लोन ले चुकी हैं। अकेले हिसार की एग्री कल्चर यूनिवर्सिटी ही 2800 करोड़ का लोन ले चुकी है। सरकार जानबुझकर सरकारी यूनिवर्सिटीज को प्राइवेट की तरफ धकेल रही है।
राहुल गांधी पहले से उठा रहे युवाओं की आवाज
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल गांधी तो पहले से ही युवाओं के मुद्दों को उठाते रहे है। छात्रों की गूंज कार्यक्रम भी सुनियोजित तरीके से शुरू किया था। इसी बीच सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की तरफ से एक आपत्तिजनक कमेंट आ गया, जिसके बाद एक स्टायर के तौर पर प्रदर्शन शुरू हुआ, लेकिन इसके साथ सवा दो करोड़ लोग जुड़ गए, जिससे सरकार की पोल खुल गई।
12 साल में दो बार हिली सरकार
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले साढे़ 12 साल में भाजपा सरकार दो बार हिली है। पहली बार तो 2024 के लोकसभा चुनाव में और दूसरा युवाओं की वेदना जब जंतर मंतर से निकलकर पूरे देश में फैली। हर राज्य से लोग खुद बाहर निकले। आजकल झारखंड में आंदोलन चल रहा है।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि 20 जुलाई को युवाओं पर लाठीचार्ज व पैलेट गन का प्रयोग किया, उसमें जवाबदेही निश्चित होनी चाहिए, यह सबसे बड़ी मांग है। दिल्ली पुलिस व सीआरपीएफ मौके पर मौजूद थी, जो सीधे रिपोर्ट गृहमंत्री को करते है। सवाल सीधा गृहमंत्री से पूछा जा रहा है कि क्या आपको जानकारी नहीं थी या आपके निर्देश पर ऐसा हुआ, लेकिन उनके पास जवाब नहीं है।
20 अगस्त को हिसार में होगा बड़ा कार्यक्रम
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि 20 अगस्त को हिसार में बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के लोग शामिल होंगे। क्योंकि उसी दिन राजीव गांधी की जयंती भी है और पिछले साल 20 अगस्त को ही सद्भाव यात्रा की औपचारिक शुरूआत की गई थी।
