• कैप्टन अभिमन्यु पर भी साधा निशाना

हांसी जिले के नारनौंद से विधायक जस्सी पेटवाड़ ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की बढ़ती देनदारी, रोजगार, सफाई कर्मचारियों, गेस्ट टीचरों और विधानसभा में विपक्ष की आवाज दबाने के आरोप लगाए।

पेटवाड़ ने बताया कि 2014 तक हरियाणा पर लगभग 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। यह कर्ज अब बढ़कर 5.56 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। उन्होंने सरकार से 4.86 लाख करोड़ रुपए के अतिरिक्त कर्ज का हिसाब मांगा और पूछा कि इतनी बड़ी रकम कहां खर्च की गई।

माइक बंद करने से विपक्ष की आवाज नहीं दबेगी

उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में विपक्षी विधायकों के माइक बंद कर दिए जाते हैं। वहीं, सत्ता पक्ष के नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने साफ किया कि माइक बंद करने से विपक्ष की आवाज नहीं दबेगी और कांग्रेस जनता के मुद्दे सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

रोजगार के मुद्दे पर पेटवाड़ ने एचकेआरएन कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ कर्मचारियों को सुरक्षित भविष्य देने की बात करती है, दूसरी तरफ नियमित भर्ती आने पर उन्हें हटाने की बात कही जा रही है। उन्होंने सरकार के ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के दावे पर भी सवाल उठाए और विभिन्न भर्तियों व अन्य मामलों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की।

‘कर्मचारियों की मांगों का समाधान बातचीत से होना चाहिए’

उन्होंने सफाई कर्मचारियों और गेस्ट टीचरों के आंदोलन का समर्थन किया। पेटवाड़ ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों का समाधान बातचीत से होना चाहिए, न कि नोटिस या कार्रवाई से। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए बजट बढ़ाने और हरियाणा की खेल प्रतिभाओं के हिसाब से सुविधाएं देने की भी मांग की।

पेटवाड़ ने सीएम नायब सिंह सैनी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हत्या, अपहरण और फिरौती की घटनाओं पर सरकार को गंभीरता से काम करना चाहिए। कैप्टन अभिमन्यु पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने बताया कि जिस सड़क को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उसका करीब 11 करोड़ रुपए का टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है।

इस दौरान पूर्व नगर पालिका चेयरमैन सुमन शर्मा, पवन गोयल, एमसी नितेश शर्मा, प्रदीप रापड़िया और राहुल दांगी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।