- कांग्रेस की जातिवादी मानसिकता का प्रमाण
विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने ब्राह्मण समाज को लेकर एक बयान दिया। इस पर भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उचाना में पत्रकार वार्ता में अत्री ने कहा कि कांग्रेस का रवैया हमेशा जात-पात की राजनीति वाला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में की गई टिप्पणी से कांग्रेस की जातिवादी मानसिकता सामने आ गई है।
मीडिय से बात करते हुए देवेंद्र अत्री ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को किसी खास जाति के खिलाफ टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह आज छत्तीस बिरादरी के आशीर्वाद से विधायक हैं। कोई एक जाति किसी को विधायक नहीं बना सकती। अत्री ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सदन की अपनी गरिमा होती है, जिसका पालन सभी जनप्रतिनिधियों को करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के एक विधायक द्वारा मेज थपथपाकर हंसते हुए इस टिप्पणी का समर्थन करने को भी गलत बताया।
सदन में भाईचारें की बात होनी चाहिए : अत्री
अत्री ने कहा कि जब सदन में भाईचारे की बातें होनी चाहिए थीं, उस समय जाति विशेष पर टिप्पणी की गई। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में भाईचारे के लिए काम शुरू किया था। उन्होंने महापुरुषों की जयंती मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया, जिसे अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं।
अत्री के अनुसार, कांग्रेस का काम हमेशा जात-पात फैलाना रहा है। उन्होंने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस की ब्राह्मण समाज के प्रति सोच समय-समय पर सामने आती रही है। कांग्रेस ने ब्राह्मणों का इस्तेमाल किया और उन्हें दबाने का काम किया।
कांग्रेस के पास नहीं कोई मुद्दा
एचकेआरएन और विधानसभा में कांग्रेस के सदन से बाहर जाने (वाकआउट) को लेकर अत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का काम सिर्फ ड्रामा और तमाशा करना रह गया है। जिन मुद्दों पर विपक्ष को सरकार से बात करनी चाहिए, उन पर चर्चा करने की बजाय कांग्रेस सदन से भागकर समय बर्बाद करती है।
विधायक अत्री ने एचकेआरएन का बचाव करते हुए कहा कि पिछली सरकारों में ठेकेदारी प्रथा से युवाओं का शोषण होता था। कर्मचारियों के पीएफ तक हड़प लिए जाते थे और पिछले दरवाजे से नियुक्तियां दी जाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन युवाओं को 15 हजार रुपये मिलने चाहिए थे, उन्हें सिर्फ 6 से 8 हजार रुपये ही दिए जाते थे।
प्रदेश सरकार पारदर्शिता से कर रही भर्ती
अत्री ने कहा कि भाजपा सरकार एचकेआरएन के माध्यम से पारदर्शिता के साथ भर्ती कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल द्वारा बनाए गए पोर्टल में पारदर्शिता है। सरकार विधानसभा सत्र में जॉब सिक्योरिटी का प्रावधान भी लेकर आई है। उन्होंने कहा कि आज युवा जागरूक है और कांग्रेस के भ्रामक प्रचार में आने वाला नहीं है।
अत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठा प्रचार करती है और उसके पास जनता से जुड़े मुद्दे नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ऊपर से फोन आने के बाद उसी हिसाब से अपनी राजनीति करते हैं। भाजपा सरकार अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करते हुए आमजन की सेवा में जुटी है और युवा भी सरकार के साथ है।
