• सरकार ने सीवरेज-ड्रेनेज पर ध्यान नहीं दिया

करनाल पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में गुरुग्राम के जलभराव को लेकर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बयान पर पलटवार किया।

राव इंद्रजीत सिंह ने प्रेसवार्ता में कहा था कि हुड्डा सरकार के समय में गुरुग्राम में बिल्डरों को अंधाधुंध लाइसेंस दिए गए और नदी-नालों की जमीन पर भी लाइसेंस जारी किए गए। इस पर हुड्डा ने कहा कि गुरुग्राम में जलभराव की वजह पिछले 12 साल में कटी अवैध कॉलोनियां हैं

बोले- हमारे समय कभी जलभराव देखा था?

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनके 10 साल के कार्यकाल में गुरुग्राम में ऐसा जलभराव कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकाल में कोई गुरुग्राम गया था क्या? कभी एक बूंद पानी भरा हुआ देखा क्या? या तो यह बता दें कि हमारे 10 साल में बरसात ही नहीं हुई और जलभराव नहीं हुआ। हुड्डा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने शहर की व्यवस्थाओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने न सीवरेज की सफाई कराई, न ड्रेनेज साफ करवाई और न ही ड्रेनेज व्यवस्था के लिए पंप हाउस लगवाए।

अभय चौटाला पर भी साधा निशाना

विधानसभा के मौजूदा सत्र को लेकर अभय सिंह चौटाला के बयान पर भी हुड्डा ने प्रतिक्रिया दी। अभय चौटाला ने विधानसभा के इस सत्र को “जेब फाड़ कोनी मार” सत्र बताया था। इस पर हुड्डा ने कहा कि अब अभय सिंह चौटाला विधानसभा के सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जो विधानसभा के सदस्य नहीं हैं, उनका इस विषय से कोई लेना-देना नहीं है। हुड्डा ने आरोप लगाया कि चौटाला अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।

कुलदीप शर्मा के पत्र पर बोले हुड्डा

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा द्वारा दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान को लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को पत्र लिखे जाने के सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वहां से जवाब आ चुका है। उन्होंने दावा किया कि कुलदीप शर्मा ने ऐसी कोई बात नहीं कही है। हुड्डा ने कहा कि इस संबंध में पार्टी स्तर से जवाब भी मिल चुका है।