- बोले- संगठन को मजबूत करने व जनता के मुद्दों पर होगा काम
भिवानी के गांव मंढाना निवासी योगेश शर्मा को राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने नई जिम्मेदारी दी है। RLD के संगठन महासचिव नरेंद्र छिक्कारा की तरफ से पत्र जारी किया गया है। जिसमें भिवानी के गांव मंढाना निवासी योगेश शर्मा को राष्ट्रीय लोकदल हरियाणा प्रदेश का युवा जिला अध्यक्ष भिवानी मनोनित किया गया है।
योगश शर्मा ने कहा कि नियुक्ति के बाद समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी है। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में राष्ट्रीय लोकदल का संगठन और मजबूत होगा तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
किसान-मजदूरों, कर्मचारी व युवाओं की आवाज उठाएंगे
युवा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद योगेश ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम परिवार का घरेलू बजट लगातार बिगड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, सब्जियों और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों ने आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्ग महंगाई का सामना कर रहे हैं।
संगठन को मजबूत करेंगे
नवनियुक्त युवा जिला अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का भिवानी जिले में गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे। किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर पार्टी अभियान चलाएगी। उन्हें मिली जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि भिवानी की जनता की आवाज बनने का दायित्व है। वे सभी वर्गों को साथ लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।
योगेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले महंगाई पर नियंत्रण के बड़े वादे किए थे, लेकिन आज जनता खुद को राहत से वंचित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक नीतियों और विभिन्न करों का सीधा असर आम नागरिक की जेब पर पड़ रहा है।
