• सरकार को कर्मचारियों की बात सुननी चाहिए

सिरसा से कांग्रेस सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा बुधवार को यमुनानगर पहुंची। रादौर रोड स्थित रतन फार्म, ऊंचा चंदना में आयोजित खेड़ी लक्खा सिंह ब्लॉक कांग्रेस अधिवेशन में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सैलजा ने कहा कि आज महंगाई, बेरोजगारी, कर्मचारियों की समस्याएं और भ्रष्टाचार आम आदमी के सामने बड़ी चुनौतियां हैं।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। अधिवेशन को संबोधित करते हुए सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संदेश स्पष्ट है कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाएं।

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार को घेरा

सैलजा ने प्रदेश में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन, बर्खास्तगी या दूसरी दंडात्मक कार्रवाई समाधान नहीं है। सरकार को कर्मचारियों को धमकाने के बजाय उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, जो लोग शहरों को साफ रखने का काम करते हैं, उनकी आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याएं सुनी जानी चाहिए। सैलजा ने सरकार से दंडात्मक कार्रवाई रोककर बातचीत के जरिए कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

महंगाई ने बिगाड़ा आम परिवार का बजट

कांग्रेस महासचिव ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवाओं की चिंता बढ़ रही है।

उन्होंने सरकारी व्यवस्था में कथित भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची पर भी सवाल उठाए। सैलजा ने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा जनकल्याण के कामों पर खर्च होना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करे।

कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश

सैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें और जनता की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, युवाओं और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।

अधिवेशन में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, विधायक चंद्रमोहन, जिला अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर, शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, अंबाला कैंट जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह परी, खेड़ी लक्खा सिंह ब्लॉक अध्यक्ष परमजीत धीमान, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी और पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी सहित नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।