• कांग्रेस MLA का अलग विजयादशमी मनाने का ऐलान

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दशहरा एक जगह मनाया जाए या अलग-अलग, इस मुद्दे ने शहर की राजनीति को गरमा दिया है। भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा पर अलग दशहरा मनाने का आरोप लगाया। पूर्व राज्यमंत्री ने साफ कहा कि विधायक ने अलग दशहरा मनाने का ऐलान किया है।

कहा कि दशहरा भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है, इसलिए इसका आयोजन भी एक साथ ही होना चाहिए। दशहरा मनाने को लेकर 4 मीटिंग हुई, लेकिन मैंने एक ही जगह दशहरा मनाने की बात कही। आरोप लगाया कि विधायक ने अलग मीटिंग करके अलग दशहरा मनाने का ऐलान कर दिया।

20 साल एक जगह मनाया जा रहा दशहरा

गुरुग्राम में पंचनंद स्मारक की मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में सुधा ने कहा कि करीब 20 साल से एक ही दशहरा मनाया जा रहा है। कुछ लोगों के मन में घमंड था, अहंकार था कि हम दशहरा अलग से मनाएंगे। मैंने उनको कहा भी दशहरा खुशियों भरा त्योहार है। इसको त्योहार की तरह ही मनाना चाहिए।

मंच पर बैठने को लेकर था विवाद

सुधा ने कहा कि विवाद की जड़ आयोजन के मंच और बैठने की व्यवस्था को लेकर थी। हमारे विपक्ष के लोग मंच पर आकर बैठ जाते थे। जो हमारे साथ आते थे वो खड़े रह जाते थे और हमारे लोग पहले आ जाते थे विपक्ष के लोग खड़े रहते थे। एक टेंशन का माहौल होता था।

दो मंच बनाने की बात कही

मैंने मीटिंग में दो मंच बनाने की सलाह दी, लेकिन उस पर वे राजी नहीं हुए और उन्होंने अलग दशहरा मनाने का ऐलान कर दिया। मैं तो यही कहूंगा कि हम भी दशहरा मनाएं और आप भी दशहरा मनाएं, लेकिन शांतिपूर्व मनाया जाए। करीब 20 साल एक ही जगह दशहरा मनाया जा रहा था, लेकिन जब राजनीति घुस जाती है, तो ऐसे काम होते हैं।

परंपरा बदलने की कोशिश

उधर, शुक्रवार को दशहरा मनाने को लेकर हुई बैठक के बाद विधायक अरोड़ा ने कहा था कि कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी की स्थानीय विधायक को मुख्य अतिथि बनाने की परंपरा रही, लेकिन पिछले 2 साल से इस परंपरा को बदलने की कोशिश की गई। इसी विवाद के चलते अब अलग आयोजन का फैसला करना पड़ा।

कहा कि दशहरा सभी का पर्व है। नया आयोजन किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें सभी समाज के लोगों की भागीदारी होगी। साथ ही भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। नई कमेटी ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में उत्सव मनाएगी।