- उकलाना पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल
उकलाना में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल के अग्रोहा-आदमपुर रोड स्थित विनायक सिटी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष रतनलाल शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्रीनिवास गोयल ने भाजपा की नीतियों को जनहित में बताते हुए कहा कि पार्टी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने सांस्कृतिक चेतना पर जोर देते हुए कहा कि सनातन बचेगा, तो ही देश बचेगा।
चार माह से नगरपालिका की बैठक नहीं होने का आरोप
श्रीनिवास गोयल ने उकलाना नगरपालिका के कामकाज को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि चेयरपर्सन को पद संभाले चार माह बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक नगरपालिका सदस्यों की एक भी आधिकारिक बैठक नहीं बुलाई गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नगरपालिका की प्रशासनिक गतिविधियां ही सुचारु रूप से नहीं चलेंगी तो शहर का विकास कैसे होगा।
