- गठबंधन की चर्चा के बीच भाजपा ने सुखबीर बादल को झटका दिया
पंजाब में गठबंधन की चर्चाओं के बीच BJP ने शिरोमणि अकाली दल को झटका दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के चचेरे भाई पूर्व मेजर भूपिंदर सिंह ढिल्लों अकाली दल छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें पार्टी जॉइन कराई। इस दौरान भूपिंदर सिंह के बेटे अमरवीर सिंह बावा भी भाजपा में शामिल हुए। इस दौरान पंजाब BJP के प्रधान केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। भूपिंदर सिंह पूर्व में प्रकाश सिंह बादल के राजनीतिक सचिव भी रह चुके हैं।
पार्टी नेताओं को पूरा मान-सम्मान देगी: हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि पार्टी जॉइन करने वाले सभी लोगों को पार्टी की ओर से पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। पहले यहां कांग्रेस की सरकार थी। कांग्रेस सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए। वह भ्रष्टाचार की राह पर थी। लोग तंग आ गए थे। इन्होंने कहा था कि हम पंजाब में रोजगार देंगे, लेकिन ये भ्रष्टाचार के दलदल में फंस गए। लोगों ने इन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
AAP वाले चुटकलेबाजी करते हैं: उन्होंने कहा कि केजरीवाल साहब ने मंच पर खड़े होकर नारा दिया था कि हमारे लोग कट्टर ईमानदार हैं। लोगों ने सोचा था कि ये पंजाब के लिए काम करेंगे, लेकिन ये कांग्रेस से भी दो कदम आगे निकल गए। ये सुबह उठते हैं और शाम तक चुटकलेबाजी करते रहते हैं। चुटकलेबाजी से पेट नहीं भरता। अब पांच साल हो गए हैं। इन्होंने 57 घोषणाएं की थीं। लोग पूछते हैं कि इनमें से कितनी घोषणाएं पूरी हुईं।
कांग्रेस और AAP वाले मिले हुए हैं: हरियाणा सीएम ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी वाले मिले हुए हैं। यह इंडिया गठबंधन के मेंबर हैं। यह दोनों अंदर से मिले हुए हैं। एक-दूसरे को बाहर तो गालियां देते हैं, लेकिन शाम को बैठकर खाना इकट्ठा खाते हैं। इनका व्यवहार और राज भी लोगों ने देखा है।
AAP राज में नशा बढ़ा, युवाओं का भरोसा टूटा: उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार AAP के राज में बहुत ज्यादा फैल गया। मान साहब अपने साथ केजरीवाल साहब को बैठाकर बताएं कि कितने लोगों को रोजगार दिया। यूथ का विश्वास इनसे उड़ गया। AAP सरकार में एक्साइज व अन्य परीक्षाएं हुईं, जिसमें उन्हें हाईकोर्ट में एफिडेविट देना पड़ा कि गलत भर्ती हुई।
पगड़ी कमेंट पर माफी मांगे भगवंत मान: मीडिया ने हरियाणा CM नायाब सैनी से पूछा कि पंजाब सीएम आपकी पगड़ी पर सवाल करते हैं कि वह अपनी गाड़ी में नकली पगड़ी रखते है। जैसे ही पंचकूला से पंजाब में एंट्री करते हैं तो पगड़ी पहन लेते हैं। इस पर हरियाणा CM ने कहा कि बात ये दुर्भाग्यपूर्ण है। पगड़ी गुरुओं का सम्मान है। मान साहब को धार्मिक स्थल पर जाकर माफी मांगनी चाहिए।
- BJP का गठबंधन जनता से: अकाली दल से गठबंधन के सवाल पर CM नायब सैनी ने कहा BJP का गठबंधन भारत के लोगों से है। पंजाब के लोगों ने यह मन बना लिया है कि मोदी के नेतृत्व में पंजाब में भी डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। पंजाब को विकसित पंजाब बनाएंगे। यह वादा है। इसमें किसान खुशहाल होगा, युवा सुरक्षित होगा और गरीब भी खुश होगा। वह बहुत काम कर रहे हैं।
जून में हरियाणा CM भूपिंदर सिंह से मिले थे
इस साल जून में हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी उनके चंडीगढ़ स्थित घर उनका हाल-चाल जानने पहुंचे थे। उस समय भूपिंदर सिंह की रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था। तब भूपिंदर सिंह ने मीडिया को बताया था कि मनप्रीत सिंह बादल तीन बार उनसे मिलने आए थे, लेकिन सुखबीर सिंह बादल के परिवार में से कोई नहीं आया। बाद में सुखबीर उनके घर गए थे।
राज्यमंत्री का मिला हुआ था रैंक
भूपिंदर सिंह को पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का राजनीतिक सचिव नियुक्त किया गया था। उन्होंने 1997 से 2002 और फिर 2012 की अकाली-भाजपा सरकार के दौरान राज्य मंत्री के रैंक के साथ यह जिम्मेदारी संभाली थी।
भूपिंदर सिंह गांव बादल के रहने वाले हैं। वह पूर्व सांसद गुरराज सिंह ढिल्लों के बेटे हैं। राजनीति में आने से पहले वह भारतीय सेना में मेजर थे। उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) से प्रशिक्षण लिया था। 1969 में उन्हें सेना में कमीशन मिला था।
