• 101 सदस्यीय कमेटी का ऐलान, बादल के आने की संभावना

हरियाणा में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने के लिए शिरोमणि अकाली दल (SAD) चुनाव लड़ेगा। इसे लेकर 19 सितंबर को कुरुक्षेत्र में पार्टी की राज्य स्तरीय बैठक बुलाई गई है। इसमें प्रदेश के सभी जिलों से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पहुंचेंगे। इसमें पार्टी के सुप्रीमो एवं पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल के आने की संभावना भी है।

उनके अलावा हरियाणा प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद बलविंदर सिंह भुंदड भी शामिल होंगे। ये बैठक सैनी सभा धर्मशाला में होगी। हरियाणा इकाई के मेंबर तजेन्दर पाल सिंह ढिल्लो ने बताया कि 19 सितंबर की बैठक में पार्टी की 101 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारी समिति के गठन घोषणा की जाएगी। बता दें कि हाल ही में पार्टी के विस्तार के लिए 7 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन हुआ है।

लोसकसभा- विधानसभा चुनाव में उतरेगा SAD

उन्होंने कहा कि SAD प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ेगी। इसके लिए संगठन को मजबूत करने और चुनावी आधार तैयार करने को लेकर बैठक में रणनीति पर मंथन होगा। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, स्थानीय मुद्दों को उठाने और जनता के बीच पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने की योजना पर भी चर्चा होगी।

सुखबीर बादल के आने की भी चर्चा

मेंबर ढिल्लो ने बताया कि बैठक में SAD सुप्रीमो और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है। पार्टी का लक्ष्य हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी मजबूती से मैदान में उतर सके।

101 सदस्यीय कार्यकारी समिति की घोषणा के बाद जिला और सर्कल स्तर पर संगठन खड़ा करने की प्रक्रिया शुरू होगी।