• राठी बोले-समाधान नहीं हुआ तो सड़कों पर उतरेंगे

बहादुरगढ़ शहर में बदहाल सीवर व्यवस्था और घरों में सीवरयुक्त पेयजल पहुंचने के आरोपों को लेकर अब इनेलो ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। इनेलो नेता भूपेंद्र राठी ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतरकर लोगों की आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपाल तक भी शिकायत की जाएगी।

शहर की कई कॉलोनियों में लोगों का आरोप है कि नलों से मिट्टी जैसे रंग का गंदा और बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। लोगों के मुताबिक, सीवरयुक्त पानी की वजह से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, जगह-जगह सीवर ओवरफ्लो होने के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बागवाला मोहल्ले में बारिश होते ही जलभराव

बागवाला मोहल्ले में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही गलियां जलमग्न हो जाती हैं और पानी जमा होने से पूरा क्षेत्र झील जैसा नजर आने लगता है। लोगों के अनुसार, बारिश के पानी में करंट उतरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में रोष बढ़ रहा है।

गंदे पानी के कारण घर छोड़ने को मजबूर परिवार

स्थानीय महिलाओं ने बताया कि गंदे पानी और जलभराव के कारण हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई परिवार अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि समस्या की शिकायत लेकर अधिकारियों के पास जाने पर बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कही जाती है।

5216 करोड़ के बजट पर इनेलो नेता ने उठाए सवाल

इनेलो नेता भूपेंद्र राठी ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समस्या के समाधान के लिए बजट नहीं है तो सरकार ने 5216 करोड़ रुपये का बजट किस आधार पर निर्धारित किया था। उन्होंने कहा कि जनता को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवर व्यवस्था उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।

राठी ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो इनेलो आंदोलन को तेज करेगी और कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा।