- वोट चोरी के आरोपों पर रोहतक मेयर का पलटवार
रोहतक में भाजपा के मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का आरोप तो लगा रही है, लेकिन उनके पास कोई तथ्य नहीं है। मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांगा जा रहा है, जबकि चुनाव आयोग ने लेटर जारी करके सच्चाई स्पष्ट कर दी है। मीडिया से बात करना या ना करना, उनका पर्सनल ऑपिनियन है।
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सत्ताधारी पार्टी है और देश की सेवा कर रही है। इसलिए सरकार का फर्ज है कि अगर कोई जनता में भ्रांति फैलाए तो उसे दूर करने की कोशिश करे। कांग्रेस वोटी के आरोप लगाती है, लेकिन तथ्य नहीं दे रही। फार्म-6 के साथ भी कोई छेड़छाड़ नहीं की गई, लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।
राहुल गांधी बिना तथ्यों के कर रहे बात
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि राहुल गांधी बिना तथ्यों के बात करते हैं। तथ्यों के आधार पर कोई बात नहीं होती। विपक्ष को जहां भी लगता है कि कुछ गलत हो रहा है, उसकी जांच होनी चाहिए। लेकिन तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। राहुल गांधी को तो हर बात के लिए माफी मांगनी पड़ती है।
विदेशों में जाकर संस्थाओं पर उठा रहे सवाल
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि राहुल गांधी अमेरिका व ब्रिटेन में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है, इसलिए लोगों के बीच भ्रांतिया फैलाने का काम किया जा रहा है। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।
कांग्रेस ने लंबे समय तक देश को लूटा
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता व प्रमुख विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता हैं। उनकी पार्टी ने लंबे समय तक देश को लूटने का काम किया। कांग्रेस के राज में कितने घोटाले हुए। पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी ने देश के लिए इंदिरा गांधी का साथ दिया, लेकिन राहुल गांधी अपनी ओच्छी राजनीति चमकाने के लिए विदेशों में जाकर देश को बदनाम करते है।
