- महेंद्रगढ़ में जिला परिषद अध्यक्ष का राहुल गांधी पर हमला
महेंद्रगढ़ में सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष डॉ. राकेश ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग को लेकर फैलाए जा रहे नैरेटिव पर हमला बोला।
डॉ. राकेश ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष चुनाव आयोग को लेकर नकारात्मक बातें फैला रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग के बयान का हवाला देते हुए बताया कि सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से लिए हैं। ऐसे में राहुल गांधी के आरोप झूठे साबित होते हैं।
उन्होंने वोटों के निरीक्षण पर भी बात की। डॉ. राकेश ने बताया कि वोटों की जांच कोई नया काम नहीं है। पहले कांग्रेस सरकार के समय भी इसकी जांच हुई थी और अब भाजपा सरकार में भी पारदर्शिता से यह काम हो रहा है।
चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि कोई भी असली वोटर वोट देने से न छूटे और किसी का नाम दो जगहों पर दर्ज न हो। आयोग इस पर मुस्तैदी से काम कर रहा है। फर्जी या गलत आईडी के सहारे कोई भी फर्जी वोट न बनाया जा सके।
BLO स्तर पर सर्वदलीय सहमति से होता है काम
डॉ. राकेश ने प्रशासनिक और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को स्पष्ट करते हुए कहा कि हर जिले में बूथ स्तर पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पूरी ईमानदारी से काम कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीएलओ का काम किसी एक पार्टी के निर्देश पर नहीं चलता। चाहे कांग्रेस पार्टी हो या भाजपा, सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधित्व और सहमति से बीएलओ स्तर पर काम होता है।
सरकार, प्रशासनिक अधिकारी और चुनाव आयोग के अधिकारी मिलकर सभी सूचियों और तथ्यों पर गहन सहमति जताते हैं। डॉ. राकेश ने अंत में कहा कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी बदलाव या निर्णय को लेकर किसी एक दल की मर्जी नहीं चलती; सभी दलों और निर्धारित अधिकारियों की सहमति से ही यह तय होता है कि क्या सही है और क्या गलत।
