• मंत्री रणबीर गंगवा बोले-किसानों की हर फसल MSP पर खरीदेंगे

हिसार की नई अनाज मंडी में धान, बाजरा फसल खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मंगलवार को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा मंडी पहुंचे। उन्होंने मंडी में पहुंची फसलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को खरीद व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंत्री ने आढ़तियों, व्यापारियों और किसानों से भी बातचीत कर मंडी में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली।

रणबीर गंगवा ने कहा कि धान की खरीद की विधिवत शुरुआत पूरे प्रदेश में कर दी गई है। हिसार मंडी में धान की आवक कम रहती है, जबकि बाजरा अधिक आता है। किसानों को खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों के साथ मंडियों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिसार के बाद बरवाला और उकलाना की मंडियों का भी दौरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों की ड्यूटी लगाई है। सरकार की प्रतिबद्धता है कि किसानों की फसल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर हो और उन्हें मंडियों में किसी तरह की परेशानी न आए। उन्होंने कहा कि पूरे सीजन के दौरान मंडियों में व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।

बाजरे पर भावांतर भरपाई का दावा

मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बाजरे का एमएसपी 2900 रुपए प्रति क्विंटल है। यदि बाजरा मंडी में 2300 रुपए या उससे अधिक के भाव पर बिकता है तो भावांतर भरपाई योजना के तहत किसानों को एमएसपी के बराबर राशि दिलाने का काम सरकार करेगी।

यदि बाजरे का भाव 2200-2300 रुपए या इससे कम रहता है तो सरकार खरीद करेगी और किसानों को 2900 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस के प्रदर्शन पर साधा निशाना

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर गंगवा ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पहली बार नहीं हो रही है।उनके अनुसार,प्रक्रिया के दौरान डुप्लीकेट, मृतक या अन्य अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं और पात्र लोगों के नए वोट बनाए जाते हैं।