- किरण चौधरी को कार्यकर्ता ने नौकरी का वादा कराया याद
भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें एक कार्यकर्ता उनसे नौकरी को लेकर बात करता नजर आ रहा है। कार्यकर्ता कहता है- “मैडम जी, नौकरी की बोला था।” इस पर किरण चौधरी जवाब देती हैं- “भाई, ना खर्ची ना पर्ची।”कार्यकर्ता उन्हें पुरानी बातचीत याद दिलाते हुए कहता है- “मैडम जी, जब तो कहो थे…” इस पर किरण चौधरी कहती हैं- “भाई, कहूं थी, मेरे हाथ में कोणी।”
किरण कहती हैं- “नौकरी न छोड़कर बाकी कुछ बता दिए, बच्चों को बोले पढ़ाई करें।” इस पर कार्यकर्ता जवाब देता है- “ठीक है जी, ठीक है, बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं।”
किरण चौधरी 29 सितंबर को झज्जर के गिरावड़ स्थित वर्ल्ड मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची थीं। कार्यक्रम के समापन के बाद जब वह वापस जाने लगीं, तभी कार्यकर्ता ने उनसे नौकरी को लेकर अपनी बात रखी। इसी दौरान हुई बातचीत का वीडियो अब चर्चा में है।
दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा
किरण चौधरी ने सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए कांग्रेस और दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधा। वायरल वीडियो में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि 2009 में चंद्रप्रकाश (फिलहाल आदमपुर विधायक) के झज्जर के डीसी रहते उन्होंने रोहतक लोकसभा चुनाव में 6 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी और चंद्रप्रकाश ने उनकी काफी मदद की थी।
किरण चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि वोट चोरी की बात करने वाले खुद ही बता रहे हैं कि अपने कार्यकाल में कैसे वोट चोरी करते थे।
2024 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़ी
2024 लोकसभा चुनाव के दौरान किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। श्रुति भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से टिकट की दावेदार थीं, लेकिन कांग्रेस ने उनकी जगह महेंद्रगढ़ विधायक राव दान सिंह को उम्मीदवार बनाया। इसके बाद किरण ने पार्टी नेतृत्व पर हरियाणा में कांग्रेस को “निजी जागीर” की तरह चलाने, उन्हें अपमानित करने और उनकी आवाज दबाने के आरोप लगाए।
श्रुति ने अपने इस्तीफे में कहा कि हरियाणा में कांग्रेस “एक व्यक्ति केंद्रित” हो गई है और पार्टी के हितों से समझौता किया जा रहा है। दोनों ने 18 जून 2024 को कांग्रेस से इस्तीफा दिया और 19 जून को भाजपा में शामिल हो गईं। इसके बाद भाजपा ने किरण चौधरी को राज्यसभा सांसद बनाया। साथ ही 2024 विधानसभा चुनाव में श्रुति चौधरी को तोशाम सीट से टिकट दिया। अब श्रुती चौधरी सरकार में मंत्री हैं।
