- नायब सैनी जनता के हित में लगातार काम करते हैं, कांग्रेस सिर्फ कुर्सी चाहती है
फरीदाबाद में सीएम नायब सिंह सैनी पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पलटवार किया है। गोयल ने कहा कि हुड्डा को सीएम पर टिप्पणी करने से पहले अपने अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 24 घंटे में करीब 18 घंटे जनता के हित में काम कर रहे हैं और लगातार प्रदेश के विकास को लेकर सक्रिय हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने सीएम की कार्यशैली पर उठाए थे सवाल
दरअसल, 1 अक्तूबर को तिगांव में हुए कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेनल में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली और प्रदेश में उनकी सक्रियता को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उनकी भूमिका और जनता के बीच मौजूदगी को लेकर टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर अब भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
दम है तो डिबेट कर लो दूध का दूध-पानी का पानी हो जाएगा
विपुल गोयल ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कांग्रेस के कई आरोपों की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है। चाहे वोट चोरी का मुद्दा हो या दूसरे राजनीतिक आरोप, कांग्रेस के दावे लगातार बेनकाब हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें दम है तो सामने आकर बहस करें, इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
नायब सैनी 18 घंटे जनता के लिए कर रहे काम
गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार नॉनस्टॉप काम कर रहे हैं। कभी उन्हें विजिटिंग मुख्यमंत्री कहा जाता है तो कभी किसी अन्य नाम से निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सैनी भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्हें जब पंजाब की जिम्मेदारी मिली तो वहां काम किया और अब हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में पूरी मेहनत से जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
कांग्रेस को सिर्फ मुख्यमंत्री की कुर्सी चाहिए
कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं का उद्देश्य जनता की सेवा नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री की कुर्सी हासिल करना है। इसी वजह से कांग्रेस नेता रोज नए-नए आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस नेताओं की राजनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है।
बुढ़ैना में 18 करोड़ के विकास कार्यों की घोषणा
विपुल गोयल संकल्प सेवा अभियान के तहत गांव बुढ़ैना पहुंचे थे। यहां उन्होंने गांव के विकास के लिए करीब 18 करोड़ रुपये के कार्यों की सौगात देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांव की गलियों, नालियों, पार्कों और अन्य विकास कार्यों पर आगामी सात दिनों में काम शुरू किया जाएगा।
कूड़े से बिजली बनाने की योजना भी शुरू होगी
गोयल ने कहा कि प्रदेश के फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और अंबाला में कूड़े से बिजली बनाने के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके लिए ऑयल इंडिया कंपनी के साथ तालमेल किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन प्रोजेक्टों पर काम शुरू होगा और कूड़े के ढेरों को खत्म कर शहरों को स्वच्छ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
