• कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी पर शिक्षा मंत्री ढांडा का तंज

कुरुक्षेत्र में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोप पर निशाना साधा है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वोट चोरी की बात लोगों को बरगलाने और सत्ता हासिल करने का ढकोसला है। अगर किसी को वोट कटने को लेकर कोई आपत्ति थी तो उसके लिए वोट बनवाने और आपत्ति दर्ज कराने के रास्ते खुले थे।

शिक्षा मंत्री ढांडा आज SMB गीता स्कूल में आयोजित खेल प्रतियोगिता में पहुंचे थे। इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 700 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। इससे पहले शिक्षा मंत्री ने स्कूल में बनने वाले नए हॉस्टल का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने खेल में हिस्सा ले रहे बच्चों का हौसला भी बढ़ाया।

बोले- SIR से कोई आपत्ति तो कोर्ट जाए

मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि किस चुनाव में और किस तरह वोट चोरी हुई। जहां-जहां SIR हुआ, वहां लोगों को अपना वोट दोबारा बनवाने और आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिला। अगर फिर भी किसी को प्रक्रिया पर आपत्ति थी तो वह कोर्ट भी जा सकता था।

कांग्रेस ने 50-60 साल में देश को नहीं बढ़ाया आगे

ढांडा ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने लंबे समय तक मौका दिया, लेकिन देश को आगे बढ़ाने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ। आज देश में ऐसा नेतृत्व है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से भारत की बात रखता है। भारत के प्रधानमंत्री मोदी को 34 देशों ने अपने सर्वोच्च सम्मान दिए हैं। अगर देश का सम्मान और प्रभाव बढ़ रहा है तो किसी को परेशानी क्यों होनी चाहिए।

हरियाणा की प्रतिभा किसी से कम नहीं

शिक्षा मंत्री ने हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तीरंदाजी में नीरू ढांडा समेत कई खिलाड़ी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। हरियाणा के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए अपना योगदान दे रही है।

स्कूल लेवल पर खेलों को बढ़ावा

उन्होंने कहा कि हरियाणा में बच्चों को स्कूल स्तर से ही खेलों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। खेलों के जरिए बच्चों में सिर्फ शारीरिक क्षमता नहीं बढ़ती, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की समझ भी विकसित होती है। शिक्षा के साथ खेलों को भी विकास का अहम हिस्सा बनाया जा रहा है।