• पूर्व BJP मंत्री के गढ़ में कसा तंज, कहा-फेमस होने को लेते हैं राव साहब का नाम

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इन दिनों लगातार अपनी ही पार्टी के नेताओं पर बयानबाजी को लेकर चर्चाओं में हैं। चाहे मामला गुरुग्राम में सिविल हॉस्पिटल के निर्माण को लेकर मंत्री राव नरबीर से जुड़ा हो या फिर अमर शहीद राव तुलाराम के नाम से जुड़ा मसला।

अब ताजा मामला पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव के गढ़ यानि विधानसभा क्षेत्र नांगल चौधरी से सामने आया है। आरती राव यहां सीएचसी का शिलान्यास करने पहुंची थीं। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा-

लोग मेरे बारे में बहुत बातें करते हैं और यहां आने के बाद भी कुछ और बातें होंगी। लोगों को मेरे बारे में चर्चा करने दें, क्योंकि मुझे लगता है कि जब तक मेरी चर्चा नहीं होती, कुछ लोगों का खाना नहीं पचता।

आरती राव ने यहीं नहीं रुकी। आगे कहा कि मीडिया में चर्चा लाने के लिए कुछ लोग राव साहब का नाम लेते हैं, क्योंकि उन्हें इसकी जरूरत होती है। यदि वे अपने कामों पर ध्यान दें और राव साहब का नाम न लें तो उनकी चर्चा नहीं होगी।

आरती राव ने इस तरह कही अपनी बात…

  • ‘मेरे आने के बाद कुछ और बातें होंगी, होने दें’ : स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, वह ऐसे लोगों के बारे में कुछ नहीं कहना चाहतीं, लेकिन उन्हें अपनी बात कहने दें, क्योंकि शायद उन्हें इसकी जरूरत है। आगे कहा कि वह केवल अपने विधानसभा क्षेत्र या किसी एक स्थान की बात नहीं करतीं, बल्कि पूरे दक्षिण हरियाणा की बात करती हैं। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी हो, महेंद्रगढ़ हो या गुरुग्राम, उनके लिए कोई फर्क नहीं पड़ता।
  • ‘राव साहब का नाम लिए बिना चर्चा नहीं होती’ : आरती राव ने कहा कि मीडिया में चर्चा लाने के लिए कुछ लोग राव साहब का नाम लेते हैं, क्योंकि उन्हें इसकी जरूरत होती है। बताया कि राव साहब ने हमेशा उन्हें सलाह दी है कि अपनी राह पर चलते रहो और दूसरों की ओर मत देखो। दूसरे लोग अपना काम करते रहेंगे, लेकिन उनका काम अपनी लकीर लंबी करना है।

पहले भी कई बार पार्टी नेताओं को घेर चुकी राव..

  • 14 जनवरी 2026-रेवाड़ी: भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने राव नरबीर सिंह और डॉ. अभय सिंह यादव के आरोपों का जवाब दिया। कहा कि राव इंद्रजीत सिंह के राजनीतिक वजूद को किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, बल्कि आरोप लगाने वाले नेताओं को ही उनके नाम की जरूरत है। उन्होंने ऐसे नेताओं को आत्मचिंतन करने की नसीहत भी दी।
  • जनवरी 2026 – मीडिया से बातचीत : उन्होंने कहा कि कुछ नेता भाजपा में रहकर ही पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ऐसे नेताओं को राव इंद्रजीत सिंह के नाम की जरूरत है, जबकि राव साहब को उनकी जरूरत नहीं है। यह टिप्पणी भी राव नरबीर और अभय सिंह यादव की बयानबाजी के जवाब में थी।
  • अगस्त 2026 – नारनौल : राव तुलाराम के नाम पर राजनीति करने वालों पर तंज कसते हुए आरती राव कहा कि कुछ लोगों को राव तुलाराम के नाम से पेट में दर्द होता है। यह बयान 14 अगस्त को अभय सिंह यादव की ओर से राव इंद्रजीत पर निशाना साधे जाने के बाद आया था।
  • 16 सितंबर 2026 – गांव महेश्वरी, रेवाड़ी : आरती राव ने कहा कि कुछ नेता अपने काम और उपलब्धियों के बजाय राव इंद्रजीत सिंह के नाम का सहारा लेकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश करते हैं। नाम लिए बिना उन्होंने अपने पिता के राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा।

16.43 करोड़ से बनेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

कार्यक्रम के दौरान आरती राव ने नांगल चौधरी में 16 करोड़ 43 लाख 11 हजार रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। सीएचसी करीब 3.04 एकड़ भूमि पर बनेगा। इसमें ओपीडी, आईपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थियेटर, पुरुष व महिला वार्ड और बच्चों के लिए पीडियाट्रिक वार्ड समेत कई सुविधाएं होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में आरती राव ने कहा कि उन्हें क्षेत्र के लोगों का प्यार और सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे अपनी लकीर लंबी करने में लगी हैं और आगे भी इसी तरह काम करती रहेंगी।